Sports News : घर में बाढ़ का पानी भरने, प्रैक्टिस करने की जगह टूटने और परिवार के राहत शिविर (कैंप) में जाने के कुछ ही हफ़्तों बाद, जोरहाट (असम) की 17 साल की जनमोनि कांवर दिल्ली पहुंचीं। उन्होंने 20वीं ऑल इंडिया इंडिपेंडेंस कप कराटे चैंपियनशिप 2026 में गोल्ड मेडल जीता। जनमोनि ने अपने तीनों मैच जीते, जिसमें फाइनल मैच में 10-2 की बड़ी जीत शामिल थी।
ओलंपिक में भी भारत के लिए गोल्ड लाना चाहती हूं – जनमोनि
जनमोनि के लिए दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम तक पहुंचना ही अपने आप में एक बहुत बड़ी जीत थी। करीब एक महीने तक प्रैक्टिस न कर पाने और परिवार के अनिश्चित भविष्य के बीच, टूर्नामेंट में खेलना लगभग नामुमकिन लग रहा था। जनमोनि ने बताया, “मेरा घर पूरी तरह पानी में डूब गया है और मेरे परिवार को कैंप में रहना पड़ रहा है। जहां मैं प्रैक्टिस करती थी, वह जगह भी डूब गई, जिससे मेरी तैयारी पर असर पड़ा। लेकिन मैं नहीं चाहती थी कि बाढ़ मुझे खेलने से रोके। यह गोल्ड मेडल मेरे लिए बहुत मायने रखता है। मैं और मेहनत करना चाहती हूँ ताकि एक दिन ओलंपिक में भारत के लिए खेल सकूं।
पिछले साल भी जीती थी गोल्ड
जनमोनि ने पिछले साल (19वें एडिशन) में भी गोल्ड जीता था, लेकिन इस साल बाढ़ की वजह से उनका खेलना मुश्किल लग रहा था। घर टूटने के कारण परिवार को राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी, जहां साफ कपड़े और सोने के लिए सूखी जगह मिलना भी मुश्किल था। कोच सुशांत दास ने यह सुना, तो वे मदद के लिए आगे आए और जनमोनि का खेलना मुमकिन बनाया।


Download Android App
Download iOS App




