कृषि कानूनों के खिलाफ किसान आंदोलन के समर्थन में आम आदमी पार्टी 14 तारीख को सामूहिक उपवास करेगी। आम आदमी पार्टी के नेता एवं दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा कि किसान आंदोलन के समर्थन में 14 दिसंबर को पूरे देश में ‘आप’ कार्यकर्त सामूहिक उपवास रखेंगे।
आप विधायक, पार्षद और पदाधिकारी सोमवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक पार्टी मुख्यालय पर किसान आंदोलन के समर्थन में सामूहिक उपवास रखेंगे। उन्होंने आगे कहा कि, बीजेपी की केंद्र सरकार ने माना है कि तीनों कृषि कानूनों में कमियां हैं। जब सरकार ने खुद माना है कि कानून में संशोधन की जरूरत है तो फिर इसे वापस लेने में क्यों हिचकिचा रहे हैं?
आम आदमी पार्टी की अपील है कि प्रधानमंत्री सीधे हस्तक्षेप करें और किसान नेताओं को बुलाकर उनसे मिलें। बीजेपी की दिल्ली पुलिस कहती है कि महामारी के हालात में धारा 144 लागू होने के कारण किसान, आम आदमी पार्टी के नेता प्रदर्शन नहीं कर सकते, तो फिर बीजेपी के नेता मुख्यमंत्री आवास पर किस एक्ट के तहत धरने पर हैं?
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पुलिस का दुरुपयोग कर अपने हिसाब से दिल्ली व देश को चलाना चाहते हैं, फिर भी किसानों का कानून के खिलाफ ‘आप’ का आंदोलन आगे बढ़ेगा। वहीं आप किसानों की मांगों के समर्थन में पूरी तरह से हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। आंदोलन के साथ-साथ पार्टी के कार्यकर्ताओं-विधायकों द्वारा सेवादारी का जो कार्यक्रम सिंघु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर सहित अलग-अलग बॉर्डर पर चलाया जा रहा है, वो जारी रहेगा।


Download Android App
Download iOS App




