नई दिल्ली : केन्द्रीय मंत्री विजय गोयल ने भाजपा के अनेक नेताओं के साथ शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में आम आदमी पार्टी की पूर्वी दिल्ली से प्रत्याशी आतिशी द्वारा भाजपा के उम्मीदवार गौतम गम्भीर पर पर्चा बंटवाकर अभद्र आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाने के मामले में प्रेस वार्ता की। विजय गोयल ने कहा कि आप पार्टी का गौतम गंभीर पर आरोप लगाना कि उन्होंने पर्च बंटवाकर आतिशी को बदनाम किया है। यह बिल्कुल निराधार, मनगढ़ंत, बेवजह और उनकी हीन मानसिकता का प्रतीक है। बिना किसी भी सबूत के आरोप लगाना उनकी हताशा व निराशा को दर्शाता है।
केजरीवाल किसी भी तरह का हथकंड़ा अपना कर अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भाजपा उम्मीदवारों को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह से कीचड़ उछालने की राजनीति की दिल्ली भाजपा निंदा करती है। हर बात में निराधार आरोप लगाकर फिर माफी मांग लेना आप पार्टी की आदत बन चुकी है। वहीं, प्रदेश उपाध्यक्ष शाजिया इल्मी ने कहा कि इसी प्रकार आप पार्टी ने मेरे खिलाफ भी दुष्प्रचार किया था। आतिशी ने खुद का पर्चा बनवाकर खुद बंटवाया और फिर मीडिया के सामने रोकर महिला विक्टिम कार्ड खेला है, हम इसकी निन्दा करते हैं।
आरोप यदि निराधार साबित हुए तो क्या केजरीवाल, सिसोदिया और आतिशी इस्तीफा देंगे। प्रदेश प्रवक्ता नुपुर शर्मा ने कहा कि महिलाओं के ऊपर टिप्पणी की हम निंदा करते हैं, लेकिन यह कहना कि पर्चा गंभीर ने बंटवाया है आप पार्टी का यह बेबुनियाद आरोप है। केजरीवाल सस्ती लोकप्रियता व मीडिया अटेन्शन के लिए कई बार थप्पड़ खा चुके हैं और अपने ऊपर स्याही भी फिकवा चुके हैं। जांच के बाद पता चलता है कि थप्पड़ और स्याही फेंकने वाला आप पार्टी का कार्यकर्ता ही है।


Download Android App
Download iOS App



