आप की बीस सदस्यीय टीम करेगी स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी

Summary :

स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा-व्यवस्था पुख्ता करने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) की दक्षिणी दिल्ली इकाई ने 20 से अधिक कार्यकर्ताओं की एक टीम तैनात की है।

नई दिल्ली : दिल्ली में रविवार को मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी राजनीतिक दलों की नजरें मतगणना पर टिकी हैं। लेकिन इससे पहले मतगणना केन्द्रों (स्ट्रॉन्ग रूम) की सुरक्षा-व्यवस्था पुख्ता करने के लिए आम आदमी पार्टी (आप) की दक्षिणी दिल्ली इकाई ने 20 से अधिक कार्यकर्ताओं की एक टीम तैनात की है।

यह टीम अगस्त क्रांति मार्ग स्थित जीजाबाई इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट फॉर वुमन में बने स्ट्रॉन्ग रूम की निगरानी करेगी। इस स्ट्रॉन्ग रूम में महरौली, छतरपुर, अंबेडकर नगर, संगम विहार, कालकाजी, तुगलकाबाद, पालम और बदरपुर विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती होगी।

आप के दक्षिणी दिल्ली से उम्मीदवार ने कहा कि किसी भी चुनाव में मतगणना एक बहुत महत्वपूर्ण प्रक्रिया होती है। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव को सुनिश्चित करने के लिए आप ने कुशल कार्यकर्ताओं को जीजाबाई इंस्टीटयूट में सतर्कता टीम के रूम में तैनात किया है। यह टीम ईवीएम से संबंधित सुरक्षा मुद्दों की बारीकी से निगरानी करेगी। उन्होंने बताया कि टीम के सदस्य बारी-बारी से स्ट्रॉन्ग रूम के सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी करेंगे।

Desk Team