East Delhi Crime News : पूर्वी दिल्ली के मधु विहार थाना पुलिस ने होटल के बाहर बैठकर कथित तौर पर कोकीन की सप्लाई कर रहे एक अफ्रीकी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 34.89 ग्राम कोकीन बरामद हुई है। जांच में पता चला कि आरोपी पहले भी मादक पदार्थ तस्करी के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कोकीन उसे कहां से मिल रही थी और वह दिल्ली-एनसीआर में किन लोगों को इसकी सप्लाई कर रहा था।
डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसआई अंसार अली, हेड कांस्टेबल सचिन त्यागी, हेड कांस्टेबल मनोज और कांस्टेबल अश्वनी की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। 28 जुलाई की शाम करीब 4:10 बजे आईपी एक्सटेंशन स्थित उत्सव ग्राउंड गेट के पास एक होटल के बाहर स्कूटी पर बैठा एक व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गया और वहां से निकलने की कोशिश करने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसकी पैंट की जेब से सफेद पॉलिथीन में रखा सफेद पाउडर बरामद हुआ। जांच में यह 34.89 ग्राम कोकीन निकली।एनडीपीएस एक्ट के तहत सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।आरोपी की पहचान ओन्येका लॉन्गनस एनयोग्हासी (42) के रूप में हुई है, जो नाइजीरिया का नागरिक है और फिलहाल मोहन गार्डन इलाके में रह रहा था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2022 में भी उसके पास से 64 ग्राम एमडीए बरामद हुई थी और उस मामले में भी उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई हुई थी।
पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि वह कोकीन किस विदेशी या स्थानीय गिरोह से प्राप्त करता था, किन ग्राहकों तक इसकी सप्लाई करता था और उसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के आधार पर जल्द ही इस ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जाएगी।



Download Android App
Download iOS App




