CM Inaugurated The Public Skill Center And Self Health Center : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को मोती नगर विधानसभा में जन कौशल केंद्र और स्वयं स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन किया। इन दोनों केंद्रों का निर्माण मदन लाल खुराना फाउंडेशन के प्रयासों से किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में पारंपरिक शिक्षा के साथ-साथ युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्योग-केंद्रित कौशल से जोड़ना समय की सबसे बड़ी मांग है। एआई और डिजिटल तकनीकें रोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में अभूतपूर्व अवसर पैदा कर रही हैं। ऐसे में युवाओं को आत्मनिर्भर और ‘फ्यूचर रेडी’ बनाने के लिए यह पहल एक प्रभावी सेतु का कार्य करेगी। इस अवसर पर विधायक हरीश खुराना, उमंग बजाज सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन कौशल केंद्र के माध्यम से हजारों युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ने और अपने करियर को नई दिशा देने का अवसर मिलेगा। केवल युवा ही नहीं, बल्कि वरिष्ठ नागरिक और बुजुर्ग भी यहां आकर एआई और नई तकनीकों को सीखने का प्रयास कर रहे हैं। मोती नगर का यह जन कौशल केंद्र भले ही आकार में छोटा हो, लेकिन यह उस बड़े लक्ष्य की मजबूत नींव की एक महत्वपूर्ण ईंट है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले से देश को संबोधित करते हुए युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की शिक्षा और कौशल से जोड़ने का लक्ष्य सामने रखा है। इसका उद्देश्य युवाओं को ऐसी आधुनिक क्षमताओं से लैस करना है, जिससे वे बदलती दुनिया और भविष्य की अर्थव्यवस्था की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें। प्रधानमंत्री ने एक करोड़ युवाओं को एआई के कौशल से जोड़ने का लक्ष्य रखा है और इस दिशा में दिल्ली में भी कार्य की शुरुआत हो चुकी है।
स्थानीय समुदाय के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं को मिलेगा नया आधार
स्वयं स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी सशक्त समाज के लिए शिक्षा और कौशल के साथ स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है। स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता से नागरिकों को अपने आसपास ही आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य और कौशल विकास की सुविधाएं पहुंचाना सरकार और सामाजिक संस्थाओं की साझा जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री ने दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मदन लाल खुराना के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण को स्मरण किया।
उन्होंने कहा कि फाउंडेशन द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य और कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्य खुराना जी के ‘खुशहाल एवं सशक्त दिल्ली’ के सपने को साकार करने की दिशा में सार्थक प्रयास हैं। मुख्यमंत्री ने इस परियोजना में ‘ट्रिनिटी फाउंडेशन’ द्वारा जमीनी स्तर पर वोकेशनल ट्रेनिंग, हेल्थ कैंप और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में दिए जा रहे सहयोग की भी सराहना की।
स्वंय स्वास्थ्य केंद्र पर मिलेंगी ये सुविधाएं
स्वयं स्वास्थ्य केंद्र एक आधुनिक स्वास्थ्य जांच केंद्र है, जहां लोगों को अपने क्षेत्र में ही सुलभ और समय पर स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी। यहां सीबीसी, एलएफटी, केएफटी, ब्लड शुगर, थायरॉइड, कोलेस्ट्रॉल और लिपिड प्रोफाइल के साथ कार्डियक प्रोफाइल, फीवर प्रोफाइल और डेंटल स्क्रीनिंग जैसी जांचें उपलब्ध होंगी।
इसके अलावा ईसीजी, ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन लेवल की जांच भी की जा सकेगी। जांच के परिणाम डिजिटल रूप से उपलब्ध होंगे और आवश्यकता पड़ने पर टेलीमेडिसिन के माध्यम से डॉक्टर से परामर्श भी लिया जा सकेगा। इसका उद्देश्य लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करना और बीमारियों की शुरुआती पहचान में मदद करना है।



Download Android App
Download iOS App




