दिल्ली में वायु गुणवत्ता फिर खराब स्तर पर पहुंची

Summary :

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार सुबह वायु गुणवत्ता एक बार फिर खराब श्रेणी में पहुंच गई। सीपीसीबी के अनुसार सुबह सात बजकर 43 मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 283 रहा।

राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार सुबह वायु गुणवत्ता एक बार फिर खराब श्रेणी में पहुंच गई। सीपीसीबी के अनुसार सुबह सात बजकर 43 मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 283 रहा। हवा की गति धीमी होने से रविवार को भी वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में थी। वही, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया गया। 
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार दिल्ली में सुबह सात बजकर 43 मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 283 रहा, जो नौ बजकर 40 मिनट पर और खराब होकर 286 हो गया। फरीदाबाद, गुड़गांव, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएड और नोएडा में एक्यूआई क्रमश: 242, 142, 319, 299 और 280 रहा। 
दिल्ली में रविवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 275 था जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। एक्यूआई 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है। हवा की गति धीमी होने की वजह से रविवार को वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में थी और इसके आगे और गिरने की आशंका है। 
दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो महीने में पहली बार शुक्रवार को वायु गुणवत्ता “संतोषजनक” श्रेणी में पहुंची थी। इस बीच, मौसम वैज्ञानिकों ने दिन में तेज ठंडी हवाएं चलने और अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का पूर्वानुमान जताया है।

Desk Team