दिल्ली में रविवार शाम बारिश होने और हवा चलने से वायु प्रदूषण के स्तर में सुधार आया है। सोमवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 रिकॉर्ड किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की रिपोर्ट के अनुसार दिल्ली में कल शाम बारिश होने और हवा चलने के बाद वायु प्रदूषण में उल्लेखनीय सुधार आया है। इससे पहले वायु प्रदूषण ‘गंभीर’ से लेकर ‘खराब’ स्थिति में था।
सीपीसीबी के आंकड़ के अनुसार आज 12 बजे तक आनंद विहार में वायु गुणवत्ता सूचकांक 277, चांदनी चौक में 212, द्वारका में 279, रोहणी में 280 और आईटीओ में 372 रिकॉर्ड किया गया। इस बीच दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में, ग्रेटर नोएडा में यह 264, नोएडा में 265, गुरुग्राम में 351 और फरीदाबाद में 288 दर्ज किया गया। राजधानी में शनिवार को दीपावली के बाद वायु गुणवत्ता बेहद गंभीर स्थिति में पहुंच गया था और रविवार सुबह तक और भी खराब स्थिति में पहुंच गया था। कल शाम वायु गुणवत्ता सूचकांक 467 पर पहुंच गया था।
शाम को हल्की बारिश के बाद हालांकि दिल्ली में इसमें गिरावट आयी। स्वास्थ्य विशेषज्ञ के अनुसार खराब वायु गुणवत्ता और कोरोना वायरस (कोविड-19) मामलों के कारण दिल्ली वासियों के लिए यह चिंता का विषय बना हुआ है। दिल्ली में प्रतिदिन कोरोना के 7000 से अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। जिससे यह चार लाख से अधिक मामलों के साथ देश के सबसे तेजी से बढ़ते मामले वाले शहरों में से एक है।


Download Android App
Download iOS App



