Akash Shooter Tillu Gang Arrest: गैंगस्टर टिल्लू ताजपुरिया गैंग के एक सक्रिय शूटर को पकड़ने में पुलिस ने बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए करीब 2000 किलोमीटर तक पीछा किया और कई राज्यों में रेड मारने के बाद आखिरकार आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया। दिल्ली पुलिस की आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के बवाना थाना पुलिस ने आरोपी को बेगूसराय, बिहार से दबोचा है। आरोपी की पहचान दरियापुर निवासी आकाश उर्फ बिट्टू उर्फ खुदी (21) के रूप में हुई है। डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि एसीपी दिनेश कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर गौरव चौधरी के नेतृत्व में एसआई परवीन, हेड कांस्टेबल सुधीर, प्रभात मलिक, अरुण और रविकांत की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
हरेवली गांव में फायरिंग की घटना
डीसीपी के अनुसार 19 मार्च को शाम करीब 5:26 बजे बवाना के हरेवली गांव में फायरिंग की घटना को लेकर दो पीसीआर कॉल मिली थीं। कॉलर ने बताया कि कुछ बाइक सवार बदमाशों ने उनके परिवार के सदस्य को गोली मार दी है और उसे पूठखुर्द के अस्पताल ले जाया जा रहा है। पुलिस टीम तुरंत मौके और अस्पताल पहुंची।
जांच में सामने आया कि तीन आरोपी मोटरसाइकिल पर आए थे और उन्होंने रवि भारद्वाज को निशाना बनाकर गोलीबारी की। घटना में रवि भारद्वाज (30) को एमवी अस्पताल, पूठखुर्द ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं इस घटना में राज कुमार (46) और एक 8 वर्षीय बच्चा भी गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
650 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक
जांच के दौरान पुलिस ने करीब 650 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की और तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रैक की। करीब 2000 किलोमीटर तक पीछा करने और कई राज्यों में छापेमारी के बाद आरोपी आकाश को बिहार के बेगूसराय इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया, जहां वह छिपकर रह रहा था। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह टिल्लू ताजपुरिया गैंग का एक्टिव मेंबर और शूटर है। उसने रवि भारद्वाज पर कई राउंड फायरिंग करने की बात कबूल की है। उसने बताया कि वह एक बर्थडे पार्टी में अपने सह-आरोपियों से मिला था और वहीं से गैंग के संपर्क में आया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।


Download Android App
Download iOS App




