नई दिल्ली : गत पांच दिनों से दिल्ली के रामलीला मैदान में अपनी मांगों को लेकर अनशन कर रहे अन्ना हजारे ने अनशन की सारी गतिविधियों की रिकॉर्डिंग भाजपा मुख्यालय भेजे जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की फुटेज पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम भाजपा मुख्यालय में भेजी जा रही हैं जो पूरी तरह गलत है। हालांकि टीम अन्ना के सदस्यों ने इस बात के कोई पुख्ता प्रमाण नहीं दिए। ऐसे में सवाल यह भी उठता है कि जब इस अनशन का कई चैनल लगातार प्रसारण कर रहे हैं। वहां मौजूद आम और खास व्यक्ति अपने फोन के माध्यम से ऑडियो-वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है तो इस बात की क्या गारंटी है कि उनके माध्यम से अनशन की गतिविधियों की जानकारी बाहर नहीं जा रहीं?
टीम अन्ना का दिल्ली सरकार पर आरोप…
अनशन टीम के लोगों का हेल्थ बुलेटिन जारी करते हुए टीम के एक सदस्य ने बताया कि हम यहां गत पांच दिनों से अनशन कर रहे हैं। इसमें कई राज्यों के लोग शामिल हैं। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य सेवा निदेशालय को कई बार पत्र लिखे जा चुके हैं। इतना ही नहीं व्यक्तिगत स्तर पर भी निदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं को कई बार फोन किया जा चुका है। लेकिन अनशन स्थल पर डॉक्टरों की कोई टीम नहीं भेजी गई।
अन्ना का वजन पांच किलो घटा
अन्ना के देखरेख कर रहे डॉक्टर धनंजय ने बताया कि अब तक उनके वजन में पांच किलो 300 ग्राम की कमी हुई है। उनका ब्लड प्रेशर ऊपर-नीचे हो रहा है। अन्ना कुछ कमजोरी महसूस कर रहे हैं। 2011 के आंदोलन में 8 दिनों में अन्ना की जितनी तबीयत बिगड़ी थी। उतनी तबीयत तीन दिन में ही खराब हो चुकी है। इसीलिए उन्हें कम बोलने और आराम करने की सलाह दी जा रही है।
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



