एयर इंडिया की न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान में 26 नवंबर को हुई आश्चर्यजनक घटना के 10 दिन बाद पेरिस-दिल्ली उड़ान में भी “शराब के नशे में धुत” पुरुष यात्री द्वारा महिला यात्री के कंबल पर “पेशाब करने” का मामला सामने आया था, लेकिन आरोपी के माफी मांगने के बाद उसके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि घटना छह दिसंबर को एयर इंडिया की उड़ान संख्या 142 में हुई और विमान के पायलट ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) को इस मामले की जानकारी दी थी, जिसके बाद यात्री को हिरासत में ले लिया गया था।
एयर इंडिया ने देर शाम एक बयान जारी कर घटना की पुष्टि की और कहा कि चालक दल ने अपराधी की पहचान करके उसे अलग कर दिया था और अधिकारियों को घटना की सूचना दी थी।
हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि विमान सुबह करीब नौ बजकर 40 मिनट पर उतरा। हवाई अड्डे के सुरक्षा अधिकारियों को बताया गया कि पुरुष यात्री “नशे की हालत में है, चालक दल के निर्देशों का पालन नहीं कर रहा है और उसने विमान में सवार एक महिला यात्री के कंबल पर पेशाब कर दिया।”
शुरुआत में लिखित शिकायत दर्ज कराने वाली महिला यात्री ने पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराने से इनकार कर दिया और हवाई अड्डे के सुरक्षा कर्मियों ने आप्रवासन एवं सीमा शुल्क औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे जाने दिया।
विमानन कंपनी ने बयान में कहा, “एयर इंडिया पुष्टि करती है कि छह दिसंबर 2022 को पेरिस-दिल्ली उड़ान संख्या 142 में एक यात्री ने खाली सीट और सहयात्री के कंबल पर पेशाब किया था। उस समय सहयात्री शौचालय में थी। चालक दल अपराधी की पहचान करके उसे अलग कर दिया और अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। ”
बयान में कहा गया है, “चूंकि पीड़ित और आरोपी के बीच समझौता हो गया”, इसलिए सीआईएसएफ ने लिखित रूप से माफी मांगने के बाद आरोपी को जाने दिया।
इस घटना से 10 दिन पहले एयर-इंडिया की न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान में भी ऐसी ही घटना हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति ने अपनी सहयात्री पर कथित तौर पर पेशाब कर दिया था।
दिल्ली पुलिस ने नवंबर की घटना में पीड़ित महिला की शिकायत पर अब प्राथमिकी दर्ज की है। साथ ही आरोपी को पकड़ने के लिए कई टीम बनाई गई हैं।


Download Android App
Download iOS App



