सांसद संजय सिंह के खिलाफ की एक और शिकायत, अब तक तीन

Summary :

आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह और भारतीय जनता पार्टी पूर्वांचल मोर्चा के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह और भारतीय जनता पार्टी पूर्वांचल मोर्चा के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। भाजपा पूर्वांचल मोर्चा की तरफ से संजय सिंह के खिलाफ डीसीपी न्यू दिल्ली ऑफिस में एक और शिकायत देते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। 
दोनों तरफ से अब तक तीन शिकायतें पुलिस को दी जा चुकी हैं, हालांकि पुलिस ने किसी भी शिकायत पर अभी कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया है। एडिशनल डीसीपी न्यू दिल्ली दीपक यादव ने बताया कि फ्रेश कंप्लेंट पूर्वांचल भाजपा आईटी सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक अभिषेक दुबे की तरफ से दी गई है। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। फिलहाल इस संबंध में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। 
अभिषेक दुबे ने अपनी शिकायत में कहा है कि संजय सिंह यूपी-बिहार के लोगों के खिलाफ गलत बयानबाजी करते हैं। पूर्वांचल के लोगों की तुलना बांग्लादेशी वह विदेशियों से करते हैं। इस तरह वे उनकी देश में ही छवि खराब करते हैं। एनआरसी के मुद्दे पर भी गलत बयान बाजी करते हैं। 
गौरतलब है कि शुक्रवार शाम भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष मनीष सिंह के नेतृत्व में मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सांसद संजय सिंह के सरकारी आवास पर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया था। उस वक्त संजय सिंह अपने आवास पर मौजूद नहीं थे। 
इस संबंध में संजय सिंह की मां राधिका सिंह ने नॉर्थ एवेन्यू थाने में शिकायत दी। उन्होंने भविष्य में परिवार को खतरा होने, शांति भंग करने और भय का वातावरण पैदा करने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

Desk Team