यमुना पुनरुद्धार में सेना का योगदान, दिल्ली में विशेष कार्यक्रम

Summary :

यह आयोजन टेरिटोरियल आर्मी ने कालिंदी कुंज पार्क में किया

टेरिटोरियल आर्मी ने यह आयोजन दिल्ली के कालिंदी कुंज पार्क में किया। यह पूरा प्रयास यमुना नदी के पुनरुद्धार और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित था। सेना के जवानों ने यमुना नदी के समीप वृक्षारोपण किया। टेरिटोरियल आर्मी के जवानों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी यमुना नदी के किनारे पदयात्रा की।

दिल्ली में यमुना नदी के पुनरुद्धार और सफाई को लेकर भारतीय सेना भी आगे आई है। सेना ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नदी की सफाई को लेकर लोगों में जागरूकता लाने के लिए गुरुवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। टेरिटोरियल आर्मी ने यह आयोजन दिल्ली के कालिंदी कुंज पार्क में किया। यह पूरा प्रयास यमुना नदी के पुनरुद्धार और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित था। सेना के जवानों ने यमुना नदी के समीप वृक्षारोपण किया और लोगों को हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।भारतीय सेना के इस भव्य कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार को सेना के मिलिट्री बैंड की प्रेरणादायक प्रस्तुति से हुई। सैन्य बैंड की इस प्रस्तुति ने पार्क के सुंदर फव्वारों के बीच एक उत्साहजनक और आत्मचिंतन से भरपूर वातावरण तैयार किया। इसके पश्चात एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसमें कचरा प्रबंधन और सामूहिक जिम्मेदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रभावी ढंग से दर्शाया गया। यह नाटक लोगों को यह सोचने पर मजबूर करता है कि स्वच्छता और पर्यावरणीय जिम्मेदारी कैसे व्यक्तिगत स्तर पर शुरू होती है।

Delhi में कोरोना वायरस से पहली मौत की पुष्टि

इस अवसर का एक प्रमुख आकर्षण प्रतीकात्मक वॉकाथॉन भी रहा। इस वॉकाथॉन में टेरिटोरियल आर्मी के जवानों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी यमुना नदी के किनारे पदयात्रा की। इसका उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना था। सभी प्रतिभागियों ने मिलकर यह संदेश दिया कि पर्यावरण की रक्षा केवल सरकार या संगठनों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य है।

कार्यक्रम का समापन वृक्षारोपण अभियान के साथ हुआ, जिसमें यमुना तट पर दर्जनों पौधे लगाए गए। यह गतिविधि प्रदूषण कम करने और हरियाली बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक पहल थी। सेना के मुताबिक, इस आयोजन के माध्यम से टेरिटोरियल आर्मी ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि भारतीय सेना न केवल सीमाओं की रक्षा करती है, बल्कि समाज और पर्यावरण की सेवा में भी अग्रणी भूमिका निभाती है। यह पहल पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और सामुदायिक भागीदारी की दिशा में एक प्रेरणास्पद उदाहरण बनकर उभरी है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.