थप्पड़ कांड के बाद दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी अंशू प्रकाश और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे। मुख्यमंत्री आगामी बजट को लेकर दोपहर को बैठक करने वाले हैं। सूत्रों के हवाले से ऐसी खबर है कि कैबिनेट की बैठक में चीफ सेक्रेटरी भी शामिल हो सकते हैं। चीफ सेक्रेटरी अंशु प्रकाश से मारपीट के विवाद के बाद पहली बार दोनों पक्ष एक साथ मीटिंग में नज़र आएंगे। इस मीटिंग में बजट पर चर्चा की जानी है।
मीटिंग में चीफ सेक्रेटरी के साथ फाइनेंस सचिव और कई अन्य अधिकारी भी शामिल होंगे। कहा जा रहा है कि ये बैठक सरकार और अधिकारियों के बीच हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों में बंद बातचीत की कोशिशों में अहम रोल निभा सकती है। इतना ही नहीं इस मामले पर अरविंद केजरीवाल खुद चीफ सेक्रेटरी से बात कर सकते हैं। इससे पहले, सोमवार को दिल्ली सरकार ने कहा था कि अब मुख्यमंत्री और मंत्रियों की अधिकारी के साथ होने वाली हर बैठक की रिकॉर्डिंग की जाएगी।
इसके अलावा सरकारी वेबसाइट पर इसका लाइव टेलीकास्ट भी किया जाएगा। पिछले हफ्ते दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी अंशु प्रकाश ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आवास पर एक बैठक के दौरान आप विधायक अमानतुल्ला खान और अन्य कार्यकर्ता ने उनके ऊपर हमला किया और मारपीट की थी। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने आप विधायक और अन्य के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की थी। इसके बाद दिल्ली के सरकारी अधिकारियों ने चीफ सेक्रेटरी के साथ हुई मारपीट के बाद विरोध में आंदोलन शुरू किया था और काम पर न आने का एलान किया था।
बता दें कि अधिकारी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया की लिखित माफी पर अड़े हुए हैं। इस बीच यह भी खबर है कि चीफ सेक्रेटरी अंशु प्रकाश के साथ कथित हाथापाई मामले को लेकर ब्यूरोक्रेसी संग जारी गतिरोध के बीच दिल्ली सरकार अफसरों के साथ अपनी बैठकों के लाइव टेलिकास्ट पर विचार कर रही है। एक वेबसाइट पर इन बैठकों के सीधे प्रसारण की योजना पर काम चल रहा है। इसके अलावा फाइलों पर मंत्रियों और अफसरों की नोटिंग को भी ऑनलाइन किए जाने की प्लानिंग है।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



