‘घटना की जांच हो, दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो…’, दिल्ली लाल किला ब्लास्ट पर बोलीं पूर्व CM आतिशी

Summary :

Atishi on Delhi Red Fort Blast: लाल किले के पास हुए कार धमाके पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, लाल किले के पास हुए धमाके की खबर बेहद चिंताजनक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि कोई नुकसान ना हुआ हो और सभी सुरक्षित हों। घटना की पूरी जांच जल्द से जल्द होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों पर सख़्त कार्रवाई हो सके। दिल्ली की जनता की सुरक्षा हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है।’ Atishi on Delhi Red Fort Blast: क्या है मामला? यह घटना लाल किले…

Atishi on Delhi Red Fort Blast: लाल किले के पास हुए कार धमाके पर दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, लाल किले के पास हुए धमाके की खबर बेहद चिंताजनक है। ईश्वर से प्रार्थना है कि कोई नुकसान ना हुआ हो और सभी सुरक्षित हों। घटना की पूरी जांच जल्द से जल्द होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आए और दोषियों पर सख़्त कार्रवाई हो सके। दिल्ली की जनता की सुरक्षा हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण है।’

Atishi on Delhi Red Fort Blast: क्या है मामला?

यह घटना लाल किले के मेट्रो स्टेशन गेट नंबर 1 के पास हुई । जानकारी के अनुसार, फायर ब्रिगेड को इस घटना की सूचना 6 बजे 55 मिनट पर मिली। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई, क्योंकि कार में धमाके के बाद उसकी चपेट में तीन अन्य वाहन भी आ गए। वहीं घटना के बाद एनएसजी-एनआईए की टीम मौके पर रवाना हो गई हैं।

Delhi Red Fort Blast News:  गाड़ियों के शीशे तक टूट गए

घटना के समय उस इलाके में काफी भीड़ थी। अचानक हुए धमाके से सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के शीशे टूट गए और भागम-भाग मच गई। धमाका कार में लगी सीएनजी से हुआ या फिर कोई और कारण है। फिलहाल अभी तक घटना के सही कारणों का नहीं पता चल पाया है।

Red Fort Blast News: 10 लोगों की मौत, 20 से अधिक घायल

घटना में 10 की मौत हो गई है और 24 लोगों के घायल होने की खबर है। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं और आग पर काबू पाने के लिए प्रयास जारी हैं।

Atishi on Delhi Red Fort Blast (credit-sm)
Atishi on Delhi Red Fort Blast (credit-sm)

AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल की भी आई प्रतिक्रिया

दिल्ली में हुई इस घटना पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि लाल किले के पास हुए धमाके की खबर बेहद चिंताजनक है। बताया जा रहा है कि इसमें कुछ लोगों की जान भी गई है, ये बेहद दुखद है। पुलिस और सरकार को तुरंत इसकी जांच करनी चाहिए कि ये धमाका कैसे हुआ और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं है। दिल्ली की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया ने क्या कहा?

वहीं इस घटना पर दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री  मनीष सिसोदिया की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुए विस्फोट की खबर बेहद चिंताजनक है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रार्थना है कि दिल्ली और देश के सभी नागरिक सुरक्षित रहें। ऐसे समय में शांति और संयम बनाए रखना ही सबसे बड़ी ताकत है- आतंक और भय का जवाब हमारी एकजुटता से ही दिया जा सकता है।

सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय

यह घटना न सिर्फ स्थानीय हादसा लग रही है बल्कि सुरक्षा एजेंसियों के लिए चिंता का विषय बन गई है। खासकर इस समय जब दिल्ली से सटे फरीदाबाद में 2 900 किलो अमोनियम नाइट्रेट बरामद हुआ है, जिसे विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि अभी इस धमाके और अमोनियम नाइट्रेट की बरामदगी को आपस में जोड़ने का कोई ठोस प्रमाण नहीं मिला है।

Atishi on Delhi Red Fort Blast (credit-sm)
Atishi on Delhi Red Fort Blast (credit-sm)

मामले की जांच जारी

घटना की पूरी तरह पड़ताल की जा रही है। यह देखना होगा कि धमाका सीएनजी गैस के कारण हुआ था या विस्फोटक सामग्री के कारण। सुरक्षा एजेंसियां आसपास के सीसीटीवी फुटेज, वाहनों की पहचान और रहस्यमयी संदिग्धों की जांच कर रही हैं। आम लोगों को सुझाव दिया गया है कि इस तरह के इलाकों में सावधानी बरतें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि को तुरंत सुरक्षाबलों को सूचित करें।

Atishi on Delhi Red Fort Blast (credit-sm)
Atishi on Delhi Red Fort Blast (credit-sm)

दिल्ली में धमाके के बाद हाई अलर्ट

दिल्ली में हुए धमाके के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। हालात को देखते हुए यह अंदेशा जताया जा रहा है कि यह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। घटना के बाद एहतियात के तौर पर चांदनी चौक मार्केट को तुरंत बंद कर दिया गया है। सुरक्षा के मद्देनज़र लाल किला के आसपास के सभी इलाके और सड़कों को बंद कर दिया गया है। पुलिस और सुरक्षा बल मौके पर तैनात हैं, और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

यह भी पढ़ें: लाल किले के पास कार में धमाका, 8 की मौत, 2-3 लोग घायल, हाई अलर्ट पर राजधानी दिल्ली

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।