मेरी इमेज खराब करने की कोशिश की जा रही है: अमानतुल्लाह

Summary :

मीडिया एकतरफा खबरें चला रहा है: अमानतुल्लाह

दिल्ली की ओखला विधानसभा सीट से विधायक और आम आदमी पार्टी (आप) नेता अमानतुल्लाह खान ने हाल ही में मीडिया में आई खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी इमेज को जानबूझकर खराब करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि बुधवार को सीबीआई कोर्ट और फिर नोएडा कोर्ट में पेशी दी थी और पुलिस ने नोटिस भेजकर गुरुवार शाम 5 बजे बुलाया था। उन्होंने कहा, “फिर गिरफ्तारी की बात कहां से आ रही है?”

उन्होंने यह भी कहा कि वह अपने घर में थे और कहीं भागे नहीं थे, साथ ही यह भी बताया कि उनके पास कोई पुलिस अधिकारी नहीं आया। मैं विधायक हूं और ओखला का प्रतिनिधित्व करता हूं। यही मेरा जुर्म है।

उन्होंने बताया कि वह अपने इलाके में कुछ सीवर पंपों की खराबी को देखने गए थे। वहां कुछ हो रहा था। लेकिन, उसका उन्हें पता नहीं चला।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उन्हें भगोड़ा साबित करने की कोशिश कर रहे हैं। कोर्ट ने मुझे 24 फरवरी तक का समय दिया है और जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं। हमें उनका काम करने देना चाहिए।

उन्होंने मीडिया पर आरोप लगाया कि वह सिर्फ एक पक्ष की खबरें चला रहे हैं।

गौरतलब है कि ओखला विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक अमानतुल्लाह खान पर यह आरोप है कि उन्होंने एक अपराधी को पुलिस की पकड़ से छुड़ाकर फरार होने में मदद की है। इसके बाद पुलिस ने विधायक और उनके सहयोगियों पर एफआईआर दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार करने की बात कही थी।

बताया जा रहा है कि इस दौरान अमानतुल्लाह खान का मोबाइल फोन बंद आ रहा था और उनकी तलाश पुलिस की टीम कर रही थी। गुरुवार को अमानतुल्लाह खान की अग्रिम जमानत याचिका कोर्ट में मंजूर कर ली गई तो उसके बाद वह अपने समर्थकों के साथ मीडिया के सामने आए और कहा कि उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। वह कहीं भी नहीं भागे थे और वह जांच में सहयोग करेंगे।

–आईएएनएस

पीकेटी/एबीएम

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.