अश्लील कमेंट मामले में Samay Raina की बढ़ी मुश्किलें, महाराष्ट्र साइबर सेल ने दूसरी बार भेजा समन

Summary :

Samay Raina को महाराष्ट्र साइबर सेल ने दूसरी बार समन भेजा

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एपिसोड में की गई यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया की आपत्तिजनक टिपप्णी के मामले में महाराष्ट्र साइबर सेल ने अब दूसरा समन जारी कर दिया है। यह समन शो के मेकर, होस्ट और काॅमेडियन समय रैना को लेकर जारी किया गया है। कॉमेडियन को 17 फरवरी को जांच अधिकारियों के सामने पेश होने के लिए कहा गया है। इस खबर में जानिए अब इस मामले में समय के पास क्या विकल्प हैं।

इनके बयान किए गए दर्ज

खार पुलिस इस मामले में अब तक सात लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। इनमें रणवीर अल्लाहबादिया, आशीष चंचलानी और अपूर्व मखीजा शामिल हैं जो शो में बतौर पैनलिस्ट शामिल हुए थे, साथ ही जिस स्टूडियो में शो हुआ था उसके मालिक बलराज घई के साथ-साथ शो से जुड़े तीन तकनीकी लोग भी शामिल हैं।

एफआईआर दर्ज करने का नहीं लिया फैसला

गौरतलब है कि मुंबई पुलिस ने अभी तक इस मामले में एफआईआर दर्ज करने का कोई फैसला नहीं लिया है। पुलिस ने कहा कि वह शो से जुड़े लोगों के बयान दर्ज करेगी और फिर मामला दर्ज करने पर फैसला लेगी।

इंडियाज गॉट लेटेंट विवाद क्या है?

समय रैना के शो इंडियाज गॉट लेटेंट के हालिया एपिसोड के दौरान, रणवीर अल्लाहबादिया ने एक कंटेस्टेंट से अनुचित प्रश्न पूछा, जिससे सोशल मीडिया पर विवाद छिड़ गया। यूट्यूबर को उनके अनुचित सवाल को लेकर एक्स पर ट्रोल किया गया और शो बंद किए जाने की मांग शुरू हो गई। इसके अलावा, सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से तीनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।

समय रैना की इंडियाज गॉट लेटेंट विवाद पर प्रतिक्रिया

समय रैना ने हाल ही में इस विवाद पर चुप्पी तोड़ी। उन्होंने एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा- ‘जो कुछ भी हो रहा है, उसे संभालना मेरे लिए बहुत मुश्किल है। मैंने अपने चैनल से इंडियाज गॉट लेटेंट के सभी वीडियो हटा दिए हैं। मेरा एकमात्र उद्देश्य लोगों को हंसाना और अच्छा समय बिताना था। मैं यह सुनिश्चित करने के लिए सभी एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगा कि उनकी जांच निष्पक्ष रूप से संपन्न हो। धन्यवाद।’ इसी के साथ समय ने आज यूट्यूब से इंडियाज गॉट लेटेंट के सभी एपिसोड हटा दिए हैं, विवादास्पद एपिसोड 10 फरवरी को ही हटा दिया गया था।

Anjali Dahiya

अंजलि दहिया पिछले 3 वर्षों से एक पैशनेट लाइफस्टाइल और बॉलीवुड कंटेंट राइटर हैं, जिनकी बीट लाइफस्टाइल, बॉलीवुड, ज्वेलरी, और फैशन है। वे सेलिब्रिटी न्यूज़, फिल्म फ़ीचर्स, फ़ैशन, वेलनेस और पॉप कल्चर से जुड़ी कहानियों में भी माहिर है, जो एंटरटेनमेंट को रोज़मर्रा की ज़िंदगी से जोड़ती हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ कम्यूनिकेशन व कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट का डिप्लोमा की पढ़ाई की है।