भारतीय जनता पार्टी ने बीजू जनता दल के पूर्व सांसद बैजयंत जय पांडा को पार्टी का उपाध्यक्ष और प्रवक्ता नियुक्त किया है। वह चार दिन पहले भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने श्री पांडा को पार्टी का उपाध्यक्ष और प्रवक्ता नियुक्त किया है। श्री पांडा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण के अवसर पर कहा था कि नौ माह तक आत्मचिन्तन करने तथा अपने सहयोगियों और अन्य लोगों के साथ सलाह मशविरा करने के बाद उन्होंने महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द, मोदी के नेतृत्व में ओडिशा और देश की सेवा करने को तैयार हैं।
बीजद के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे श्री पांडा ने पार्टी में उन्हें तरजीह नहीं दिये जाने का आरोप लगाते हुए पिछले वर्ष पार्टी की सदस्यता तथा लोकसभा से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले बीजद के प्रमुख एवं ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने का आरोप लगाते हुए उन्हें पार्टी से निलम्बित कर दिया था। श्री पांडा ने इन आरोपों का खंडन किया था। बाद में उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। कुछ समय पूर्व उन्होंने कहा था कि वह ओडिशा की गंभीर समस्याओं का समाधान करने की प्रतिबद्धता रखने वालों के साथ वह हाथ मिला सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



