दिल्ली में बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने वीरेंद्र सचदेवा के नेतृत्व में दिल्ली विधानसभा के पास जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल सरकार दिल्ली को विकसित नहीं होने दे रही है और उनके एक विधायक नरेश बालियान का संबंध कपिल सांगवान से है। इस प्रदर्शन में भाजपा सांसद डॉ. हर्षवर्धन, मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी एवं प्रवेश वर्मा के अलावा विजय गोयल, पवन शर्मा, आदेश गुप्ता सहित दिल्ली भाजपा के कई नेता शामिल हुए।
जांच करवाने की मांग भी की
भाजपा ने दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना को पत्र लिखकर आम आदमी पार्टी विधायक नरेश बाल्यान और गैंगस्टर कपिल सांगवान के संबंधों की सीबीआई से जांच करवाने की मांग भी की है। भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने आरोप लगाया कि दिल्ली में अरविंद केजरीवाल एक अपराधियों की पूरी गैंग तैयार कर चुके हैं और हर बार अपराध होने के पीछे का मास्टरमाइंड तो एक ही होता है, लेकिन उसके मोहरे बदल जाते हैं।
भ्रष्टाचार एवं जुर्म का रास्ता अपना लिया
उन्होंने कहा कि अभी केजरीवाल के दो विधायक जेल के अंदर हैं और जल्द ही तीसरा भी जेल के अंदर होगा। उन्होंने कहा कि जहां केजरीवाल सरकार ने दिल्ली का विकास ठप्प कर दिया है तो वहीं आम आदमी पार्टी के विधायकों ने अपने विकास के लिये भ्रष्टाचार एवं जुर्म का रास्ता अपना लिया है – नरेश बाल्यान, प्रकाश जरवाल एवं अमानतुल्लाह खान, इसके उदाहरण हैं।
सभी एक दिन जेल के अंदर होंगे
सचदेवा ने कहा कि वह बार-बार कह रहे हैं कि अरविंद केजरीवाल की दिवाली काली होने वाली है। आम आदमी पार्टी में ऐसे 36 से भी अधिक विधायक हैं, जिनके ऊपर विभिन्न प्रकार के संगीन आरोप हैं और उनका एक-एक कर खुलासा हो रहा है, वे सभी एक दिन जेल के अंदर होंगे। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि अभी-अभी दिल्ली के सभी सांसदों ने एक विस्तृत पत्र जारी कर नरेश बाल्यान जैसे अपराधी के बारे में देश के गृहमंत्री को जानकारी दी है।
केजरीवाल भी जल्द ही जेल के अंदर होंगे
केजरीवाल समयानुसार अपनी गुंडागर्दी का चेहरा बदलते रहते हैं। उन्होंने कहा कि अभी भी खबर है कि वह दिल्ली से बाहर है इसलिए हमने मांग की है कि उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए और एक नियोजित तरीके से फिरौती मांगने के लिए उसे सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि नरेश बाल्यान के साथ इन सब के पीछे के मास्टरमाइंड अरविंद केजरीवाल भी जल्द ही जेल के अंदर होंगे।


Download Android App
Download iOS App



