आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और गृहमंत्री अमित शाह दिल्ली चुनाव को प्रभावित करने के लिए हर प्रकार के हथकंडे अपना रहे हैं और साजिश रच रहे हैं।
श्री सिंह ने यहां पार्टी मुख्यालय में मंगलवार रात संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भाजपा आज मीडिया में उनकी एक फोटो चलाकर दुष्प्रचार कर रही है। अभी चुनाव में तीन-चार दिन बाकी है, अभी तो और न जाने कौन-कौन सी फोटो चला कर यह दुष्प्रचार करेंगे। चुनाव के लिए भाजपा चाहे जितने गंदे हथकंडे अपना ले, आने वाली आठ तारीख को दिल्ली की जनता भाजपाइयों को पराजित करेगी।
उन्होंने कहा कि फरवरी 2015 के चुनाव से ठीक पहले भाजपा ने इसी तरह के हथकंडे अपनाए थे। आखिरी 2-4 दिनों में तरह-तरह के सि्टंग ऑपेरशन, वीडियो, फोटो, रिकॉर्डिंग समेत तमाम ‘डर्टी ट्रिक्स’ का इस्तेमाल किया गया था लेकिन दिल्ली के लोगों का इतना प्यार और भरोसा था अरविंद केजरीवाल पर कि भाजपा की सारी साजिशें फेल हुई। इस बार भी उसी की पुनरावृत्ति देखने को मिल रही है जहां चुनाव से ठीक पहले फर्जी फोटो-वीडियो के जाल में फंसाने की पूरी कोशिश होगी। जनता समझदार है। भाजपा की बौखलाहट अब सरेआम दिखाई दे रही हैं।
श्री सिंह ने पिछले दिनों जामिया छात्रों के प्रदर्शन में हुए गोलीकांड के दोषी गोपाल की कुछ तस्वीरें दिखाते हुए कहा कि इन तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि गोपाल विधायक राजा सिंह के साथ खड़ हुआ है और राजा सिंह प्रधानमंत्री नरेंद, मोदी के साथ हैं। गोपाल की फेसबुक प्रोफाइल का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि उसने साफ तौर पर अपनी प्रोफाइल पर लिखा हुआ था कि वह बजरंग दल का सदस्य है।
जामिया गोलीकांड पर श्री सिंह ने कहा कि अपराध हुआ है और अपराधी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इस पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



