महाराष्ट्र में पुणे विभाग शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक रविंद्र चव्हाण ने दो दिवसीय पुणे विभाग का दौरा किया। इस दौरान भाजपा-महायुति के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सम्मेलन में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार डॉ. स्मिता योगेश जाधव और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार कौस्तुभ गावडे के चुनाव प्रचार का शुभारंभ किया गया। दौरे के दौरान पुणे शहर, पुणे ग्रामीण, सातारा, सांगली, कोल्हापुर और सोलापुर जिलों की भाजपा कोर कमेटियों की बैठकें हुईं। इन बैठकों में चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की गई। रविंद्र चव्हाण ने पदाधिकारियों को मतदाता पंजीकरण अभियान तेज करने, बूथ स्तर पर मजबूत योजना बनाने और प्रचार अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए।
महाराष्ट्र राज्य पुरानी पेंशन समन्वय संघ के पदाधिकारियों के साथ भी एक अहम बैठक हुई। इस दौरान संघ ने शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना जारी रखने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। साथ ही संघ ने पुणे शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा-महायुति के दोनों उम्मीदवारों को समर्थन देने का ऐलान किया।कोल्हापुर और सोलापुर में हुई बैठकों के दौरान निर्दलीय उम्मीदवार नंदकुमार सागर ने अपना नामांकन वापस लेकर भाजपा-महायुति को समर्थन देने की घोषणा की। वहीं, पुणे में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश की ओर से शरद लाड को प्रदेश सचिव नियुक्त किए जाने का पत्र रविंद्र चव्हाण ने सौंपा।
रविंद्र चव्हाण ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में भाजपा-महायुति सरकार युवाओं को शिक्षा, करियर और स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिक्षक और स्नातकों की समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान के लिए लगातार काम करने वाले योग्य उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा गया है।
उन्होंने महायुति के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे आने वाले दिनों में पूरी ताकत के साथ प्रचार अभियान में जुटें और उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करें। इस दौरे के दौरान चुनावी तैयारियों, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर पर बेहतर प्रबंधन पर खास जोर दिया गया। प्रदेश अध्यक्ष के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल, मंत्री चंद्रकांत पाटील, मंत्री जयकुमार गोरे, मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले, राज्यमंत्री माधुरी मिसाल, प्रदेश महासचिव एवं विधायक निरंजन डावखरे, प्रदेश महासचिव राजेश पांडे सहित सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष, स्थानीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App




