कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी सरकार को साधु-संत विरोधी बताते हुए आरोप लगाया है कि सरकार ने अपनी मांगों के समर्थन में आंदोलन कर रहे संतों को जेल भिजवा दिया।
कमलनाथ ने अपने ट्वीट में कहा है कि सरकार ने भोपाल में अपनी जायत्र मांगों को लेकर कई बार उनसे मिलने आए, सड़कों पर बैठकर आंदोलन करते रहे साधु-संतों से मिलना तक मुनासिब नहीं समझा, उन्हें जेल भिजवा दिया।
उन्होंने कहा कि संत समागम में नर्मदा संरक्षण की चिंता करने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अगर नर्मदा संरक्षण की इतनी चिंता है तो उन्होंने नर्मदा मंत्रालय बनाने की मांग क्यों पूरी नहीं की। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार शाम एक संत सभा आयोजित हुई थी, जिसमें शिवराज चौहान भी शामिल हुए थे।
इसमें आए संत समुदाय ने मुख्यमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा था कि उनकी धर्म के प्रति निष्ठा मौसमी नहीं है और उन्होंने राज्य में भौतिक उत्थान के साथ ही आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और धार्मिक आधार पर भी लोगों की आकांक्षाओं को पूरा किया है। संत सभा ने कार्यक्रम में शिवराज चौहान के कार्यों पर संतोष भी जताया था।


Download Android App
Download iOS App



