मुंबई : स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर की शानदार पारियों के दम पर भारत ए ने तीन मैचों की टी20 क्रिकेट श्रृंखला के पहले मैच में आस्ट्रेलिया ए को चार विकेट से हरा दिया। भारतीय टीम ने इस जीत के साथ ही महिला टी20 विश्व कप की तैयारी शुरू कर दी है। पहले बल्लेबाजी करते हुए आस्ट्रेलिया ए ने 20 ओवर में छह विकेट पर 160 रन बनाये । हीथर ग्राहम ने 43 रन की पारी खेली।
भारतीय टीम ने एक ओवर बाकी रहते छह विकेट पर 163 रन बना लिये। मंधाना ने 40 गेंद में 72 और कौर ने 39 गेंद में 45 रन बनाये। भारत ने जेमिमा रौद्रिगेज (चार) और विकेटकीपर तान्या भाटिया (0) के विकेट जल्दी गंवा दिये थे। कौर का विकेट गिरने पर भारत का स्कोर चार विकेट पर 126 रन था लेकिन पूजा वस्त्रकार ने नाबाद 21 रन बनाकर भारत को जीत तक पहुंचाया।
इससे पहले आस्ट्रेलियाई पारी में ग्राहम के अलावा ताहिला मैकग्रा (31) और नाओमी स्टालेनबर्ग (39) अच्छी शुरुआत के बावजूद बड़ी पारियां नहीं खेल सके। भारत के लिये अनुजा पाटिल और दीप्ति शर्मा ने दो-दो विकेट लिये। दूसरा मैच बुधवार को यहीं खेला जायेगा।


Download Android App
Download iOS App



