भाजपा ने शनिवार को आरोप लगाया कि दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय नगर निगम की बैठकों में ‘‘गूंगी गुड़िया’’ (डमी) की तरह बैठती हैं और निकाय प्रशासन संबंधी निर्णय लेने के लिए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता उन्हें ‘‘रिमोट’’ से सचालित कर रहे हैं। भाजपा की वरिष्ठ नेता और दक्षिण दिल्ली की पूर्व महापौर कमलजीत सहरावत ने भाजपा की दिल्ली इकाई के मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन के दौरान यह आरोप लगाए।
ओबेरॉय या ‘आप’ की ओर से इन आरोपों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। सहरावत ने आरोप लगाया कि ओबेरॉय या तो ‘‘चुपचाप बैठी रहती हैं’’ या देरी से प्रतिक्रिया करती हैं, जैसे कि उन्हें आतिशी जैसे ‘आप’ नेताओं से ‘‘कुछ निर्देश’’ मिल रहे हों। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि आतिशी ‘‘दूर से बैठकर’’ ओबेरॉय के मोबाइल फोन पर ‘‘निर्देश’’ देती रहती हैं।
उन्होंने कहा कि सदन की बैठकों में यह अपेक्षा की जाती है कि एक महापौर अपने विवेक का प्रयोग करेगा और शहर की भलाई के लिए सभी पार्षदों के साथ मिलकर काम करेगा। सहरावत ने कहा कि ‘आप’ सरकार को दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) को उसकी स्वायत्तता के अनुसार कार्य करने देना चाहिए और निगम प्रशासन को ‘रिमोट’ से संचालित करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



