कोरोनावायरस के प्रकोप के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा सदस्यों को 15 अप्रैल तक सड़क पर किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन से बचने का निर्देश दिया है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मनोज तिवारी ने कहा, प्रधानमंत्री ने पार्टी को निर्देश दिया है कि देश भर में जहां हम विपक्ष में हैं हम सड़कों पर विरोध प्रदर्शन से बचेंगे और हम अपने विचारों को छोटे समूहों या वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए साझा करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने घातक वायरस पर नियंत्रण के प्रयासों के लिए हवाईअड्डों व अस्पतालों में काम कर रहे लोगों का आभार जताया। तिवारी ने कहा, हम अब आम जनता के बीच मास्क और सैनिटाइजर बांटने का कार्य करेंगे।
सरकार ने मंगलवार को सभी स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, व्यायामशालाओं, संग्रहालयों, सांस्कृतिक और सामाजिक केंद्रों, स्विमिंग पूलों और सिनेमाघरों को 31 मार्च तक बंद करने का सुझाव दिया। महाराष्ट्र सहित कई राज्यों ने पहले ही शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि देश में मंगलवार को नोवल कोरोनावायरस के संक्रमण के 12 नए मामले सामने आए। इसके साथ देश में कोरोना वायरस के मरीजों की संख्या 126 हो गई है। मंत्रालय ने कहा कि संक्रमित मरीजों में 104 भारतीय और 22 विदेशी हैं।


Download Android App
Download iOS App



