नई दिल्ली : जनसंवाद यात्रा के 9वें दिन सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) ने हरिनगर विधानसभा में लोगों से संवाद किया। दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय के नेतृत्व में की जा रही यह जनसंवाद यात्रा 1 सितंबर से दिल्ली की 70 विधानसभाओं में अलग-अलग दिन आयोजित की जा रही है जो अगले महीने की 3 तारीख तक नियमित रूप से चलेगी।
शुक्रवार को जनसंवाद यात्रा का फोकस दिल्ली की बिजली व्यवस्था पर केन्द्रित रहा। जिसमें विधायक जगदीप सिंह के अलावा सैकड़ों की संख्या में हरिनगर विधानसभा क्षेत्र के निवासियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान गोपाल राय ने याद दिलाया कि दिल्ली के लोगों को कभी अपने घरों में इन्वर्टर रखना पड़ता था लेकिन आज इसकी जरूरत नहीं है क्योंकि अब चौबीसों घंटे बिजली की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सभा के बाद जब घर जाइए तो पता लगाइए कि भाजपा और कांग्रेस के जमाने में जिस इन्वर्टर के बिना जीना मुश्किल था वह कहां है?
उन्होंने बताया कि आप से पहले 15 साल लगातार कांग्रेस और उससे पहले पांच साल भाजपा की सरकार थी लेकिन दोनों में से किसी ने भी बढ़ते बिजली के बिल को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने बिजली कंपनियों द्वारा की जाने वाली लूट और उसके खिलाफ केजरीवाल द्वारा किए गए आंदोलन को लोगों के बीच रखा। हरिनगर निवासी मोहन सिंह ने बताया कि अब दिल्ली में बिजली बिल हाफ नहीं बल्कि पूरा माफ हो गया है।
पिछले एक अगस्त से दिल्ली में 200 यूनिट तक कि बिजली पूरी तरह से फ्री है। यही नहीं बल्कि 200 से 400 यूनिट तक की बिजली के बिल में 50 प्रतिशत की छूट भी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में बिजली दर देशभर में सबसे कम है।


Download Android App
Download iOS App



