तिरूवनंतपुरम : केरल प्रदेश भाजपा ने सबरीमला के भगवान अयप्पा मंदिर के रीति रिवाजों और परंपरा की रक्षा के लिए रथयात्रा निकालने की रविवार को घोषणा की। प्रदेश भाजपा प्रमुख पीएस श्रीधरन पिल्लई ने यहां संवाददाताओं को बताया कि राजग के नेतृत्व में यह यात्रा आठ नवंबर को कासरगोड से शुरू होगी और 13 नवंबर को पथनमथिट्टा में संपन्न होगी।
उन्होंने कहा कि पार्टी ने सबरीमला मुद्दे पर प्रदर्शन में भाग लेने वाले श्रद्धालुओं की गिरफ्तारी का विरोध जारी रखने का फैसला किया है। गौरतलब है कि मंदिर में सभी उम्र की महिलाओं को प्रवेश की इजाजत देने के उच्चतम न्यायालय के फैसले का विरोध किया जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ता यहां 30 अक्टूबर को डीजीपी कार्यालय के सामने एक दिन का अनशन करेंगे। इस बीच, पूर्व इसरो प्रमुख जी माधवन नायर और त्रावणकोर देवासम बोर्ड प्रमुख एवं केपीसीसी सदस्य जी रमन नायर यहां शनिवार रात भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में भगवा पार्टी में शामिल हुए।


Download Android App
Download iOS App



