नई दिल्ली : पानी के दामों में बढ़ोतरी एवं खराब पानी की सप्लाई के विरोध में भाजपा युवा मोर्चा के उत्तर पूर्व जिला के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को दिल्ली सरकार के खिलाफ खजूरी चौक पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। धरने-प्रदर्शन का नेतृत्व युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव एवं मोर्चा जिला अध्यक्ष अरविन्द नागर ने किया। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय सांसद मनोज तिवारी एवं दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता भी मौजूद रहे और उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
इस दौरान दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि झूठ की बुनियाद पर बनी दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार अपने छुपे हुए एजेंडे के तहत काम कर रही है। सरकार जनता को धोखा देकर भ्रष्टाचार की गुंजाइश पैदा कर रही है, हर काम में जनमत की दुहाई देकर सरकार बनाने वाले केजरीवाल ने पानी के दाम बढ़ाने से पहले जनता को होने वाली तकलीफ की कल्पना भी नहीं की। उन्होंने कहा कि जिस राज्य का मुख्यमंत्री पीने के पानी की भी व्यवस्था न कर सके उसे चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए। एक जिम्मेदार विपक्ष होने के नाते भाजपा कार्यकर्ता दिल्ली के लोगों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं और इसी तरह केजरीवाल सरकार के जनविरोधी फैसलों का सड़क से सदन तक विरोध करेगी। नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने केजरीवाल सरकार की नीतियों पर करारा हमला करते हुए कहा कि आप सरकार जनता के साथ बेइमानी करने पर आमादा है।
बिजली हाफ और पानी माफ का नारा देकर बनी सरकार, आम आदमी के हितों की सौदेबाजी कर कुछ खास लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए बिजली और पानी के दाम बढ़ा रही है जिसका आगामी विधानसभा सत्र में भी विरोध किया जाएगा। प्रदर्शन में मौजूद युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि इस अभियान को गली-गली, घर-घर ले जाकर मजबूत करेंगे और सीएम अरविंद केजरीवाल की पोल खोलने के लिए पूरी दिल्ली में जना आंदोलन करेंगे। इस धरने-प्रदर्शन मेंप्रदेश मंत्री मीनाक्षी, जिला अध्यक्ष अजय महावर, युवा नेता नितिन शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
हमारी मुख्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



