नई दिल्ली : केंद्र सरकार के अंतरिम बजट में भारतीय रेलवे के लिए 64587 करोड़ की पूंजीगत सहायता प्रस्तावित है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को बजट पेश करते हुए 2018-19 वर्ष को भारतीय रेलवे के इतिहास का सबसे सुरक्षित वर्ष बताते हुए इस वर्ष रेल बजट में रेल सुरक्षा पर खासा ध्यान केंद्रित किए जाने की बात कही।
प्रस्तावित बजट में भारतीय रेलवे के सबसे बड़े जोन को रेल सुरक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 301386566 रुपए की राशि जारी की गई है। बजट के मुताबिक इस बार दिल्ली-एनसीआर को नई लाइनों, दोहरी लाइनों, फुटओवर ब्रिज (एफओबी), ट्रैक नवीकरण, ट्रैक सेफ्टी और ट्रैक मैन सेफ्टी, यातायात सुविधाओं, कम्प्यूटराइजेशन, मशीनरी और संयंत्र, कारखानों, कर्मचारियों के लिए क्वार्टर और चल स्टॉक की सौगात मिली है।
नई दिल्ली और पुरानी दिल्ली स्टेशनों पर रेल यातायात को कम करने के लिए तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन पर पांचवीं और छठी लाइन बनाई जाएगी, जो कि लगभग 2.65 किमी लंबी होगी। वहीं दिल्ली से अलवर 104 किमी लंबी रेलवे लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही दयाबस्ती रेलवे स्टेशन पर डबलिंग, तुगलकाबाद से पलवल 33.5 किमी की डबल लाइन, आनंद विहार से तिलक ब्रिज तक तीसरी और चौथी लाइन, दिल्ली से शामली के बीच 175 किमी लंबी डबल लाइन और आनंद विहार पर नए टर्मिनल का विकास किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



