अभिनंदन के शौर्य से जनता गौरवान्वित : ​गुप्ता

Summary :

विजेन्द्र गुप्ता ने कहा अभिनंदन जिन्होंने पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान मार गिराने में अहम भूमिका अदा की उस पर देश की जनता गौरवान्वित महसूस कर रही है।

नई दिल्ली : जांबाज फाइटर विंग कमांडर अभिनंदन और भारतीय सेना के शौर्य व पराक्रम को समर्पित करते हुए शनिवार को रोहिणी में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस दौरान एक रक्तदान शिविर भी लगाया गया जिसमें भारी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने भारतीय सेनाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि विंग कमांडर अभिनंदन जिन्होंने पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमान मार गिराने में अहम भूमिका अदा की उस पर देश की सवा सौ करोड़ जनता गौरवान्वित महसूस कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत बन रहा है। पाकिस्तान इस लिहाज से भारत के सामने बौना लगने लगा है। मोदी सरकार ने पाकिस्तान को आतंकवाद के मामले में पूरी दुनिया में अलग-थलग करने के लिए जो सामरिक, कूटनीतिक तथा अर्थिक नाकेबंदी के लिए कदम उठाएं हैं उससे एक सीमा तक आतंकवाद पर लगाम लगाने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उनके एक-एक बलिदान का पाकिस्तान से हिसाब लिया जाएगा।

इस अवसर पर प्रसिद्ध सूफी गायक हंस राज हंस तथा नवोदित गायिका सुनंदा शर्मा ने अपने गीतों के माध्यम से सेना के कार्यों के बारे में बताते हुए लोगों में जोश भरा। इसके साथ-साथ ढोल-नगाड़ों पर पंजाबी भांगड़ा व गिद्दा से भारतीय सेनाओं के जाबांजों को जनता ने सलाम किया। वहीं कार्यक्रम में आए लोगों ने कहा कि हमारी सेना ने जो काम किया है उससे सभी को सीना चौड़ा हो गया है। सभी को अपनी सेना पर गर्व है। उनका कहना है कि प्रधानमंत्री ने सेना को खुली छूट दी।

साथ ही उनमें यह विश्वास जगाया कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है। उसी विश्वास के साथ सेना ने भी देश का मान बढ़ाया। उनका कहना है कि अब पाकिस्तान भारत की तरफ देखने से पहले कई बार सोचगा। वह जान गया है कि भारत अब आतंक के खिलाफ खुलकर जंग करेगा। यदि कोई आतंकवादियों की मदद करता है तो भारत उसके खिलाफ कार्रवाई करेगा।

Desk Team