दिल्ली के शाहीन बाग में ‘सर्व धर्म सम्भाव’ कार्यक्रम में रविवार को अलग-अलग धर्मों के लोगों ने शिरकत की जहां संशोधित नागरिकता काननू के खिलाफ प्रदर्शनकारी करीब एक महीने से प्रदर्शन कर रहे हैं।
सर्व धर्म कार्यक्रम में पारम्परिक हिंदू रीति से ‘हवन’ हुआ और सिख ‘कीर्तन’ का आयोजन हुआ। इसमें हिस्सा लेने वालों ने संविधान की प्रस्तावना भी पढ़ी और इसके ‘समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष’ मूल्यों के संरक्षण का संकल्प लिया।
प्रदर्शन का आयोजन करने वालों में शामिल सैयद तासीर अहमद ने कहा, ‘‘गीता, बाइबिल और कुरान का पाठ किया गया और गुरबानी का आयोजन हुआ। इसके बाद विभिन्न धर्मों के लोगों ने संविधान की प्रस्तावना पढ़ी जो इस आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि दोपहर तक हजारों की भीड़ इकट्ठा हो गई। रविवार होने और गर्म मौसम होने के कारण अधिकांश लोग प्रदर्शन में शामिल हो सके। ‘सर्व धर्म समभाव’ की संकल्पना स्वतंत्रता संग्राम के दौरान महात्मा गांधी ने की थी ताकि अंतर धार्मिक सौहार्द को बढ़ावा दिया जा सके।


Download Android App
Download iOS App



