Career Guidance Fair Delhi: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) द्वारा गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब परिसर के भाई लक्खी शाह वंजारा हॉल में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए ‘करियर गाइडेंस फेयर’ का आयोजन किया गया। इस मेले का उद्घाटन दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका और जनरल सेक्रेटरी जगदीप सिंह काहलो की उपस्थिति में किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य में ऐसे कैंप विद्यार्थियों के लिए एक सार्थक मंच साबित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी युवा पीढ़ी अत्यंत प्रतिभाशाली और ऊंची सोच वाली है। यदि उन्हें सही समय पर सही दिशा मिल जाए, तो वे बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने इस निरंतर प्रयास के लिए दिल्ली गुरुद्वारा कमेटी की सराहना की।
वहीं दिल्ली कमेटी के प्रधान हरमीत सिंह कालका ने बताया कि डीएसजीएमसी पिछले तीन वर्षों से इस फेयर का आयोजन कर रही है। इस वर्ष करीब 70 संस्थानों के विशेषज्ञों ने अपने स्टॉल लगाकर छात्रों को करियर के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी। उन्होंने खुशी जताई कि हर साल इस कैंप का लाभ उठाने वाले विद्यार्थियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
इस सफल आयोजन के पीछे की टीम की सराहना करते हुए पदाधिकारियों ने शिक्षा क्षेत्र के चेयरमैन कुलतारन सिंह कोछड़, मनिंदर कौर और बलजिंदर कौर को बधाई दी। कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुख, शिक्षक, छात्र और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


Download Android App
Download iOS App




