रिपब्लिकन सेना ने दिल्ली पुलिस में मामला दर्ज कराया है कि लोकसभा चुनावों से पहले कुछ लोगों ने यह अफवाह फैलाने की कोशिश की थी कि पार्टी अध्यक्ष और भीमराव आंबेडकर के पोते आनंदराज आंबेडकर ने कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। आनंदराज ने कहा, “झूठी खबर के मामले में हमने पुलिस में मामला दर्ज कराया है।”
इस बीच दिल्ली कांग्रेस के नेताओं ने उनकी कम्युनिकेशन टीम की चार मई को की गई गलती को स्वीकार कर लिया है। नाम गोपनीय रखने के आग्रह पर दिल्ली कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “हमें भाजपा, आप और रिपब्लिकन सेना पार्टी के कुछ नेताओं के पार्टी में शामिल होने की जानकारी थी। लेकिन कम्युनिकेशन टीम से गलती हो गई और उन्होंने गलत प्रैस विज्ञप्ति जारी कर दी जिसमें लिखा था कि आनंदराज आंबेडकर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं।”
दिल्ली कांग्रेस ने चार मई को एक आधिकारिक बयान में कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), आम आदमी पार्टी (आप) और पूर्वाचल गण परिषद के कुछ महत्वपूर्ण नेता कांग्रेस की दिल्ली इकाई की अध्यक्ष शीला दीक्षित की मौजूदगी में पार्टी में शामिल हुए हैं।
विज्ञप्ति में यह भी दावा किया गया था कि रिपब्लिकन सेना के अध्यक्ष डॉ. भीम राव आंबेडकर के पोते आनंदराज आंबेडकर ने भी कांग्रेस की सदस्यता ले ली है। पार्टी ने अपनी विज्ञप्ति में कहा था कि आनंद राज ने रिपब्लिकन सेना की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष राकेश प्रजापति और पार्टी के हजारों समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है और घोषणा की थी कि उनकी पार्टी ने कांग्रेस के समर्थन में लोकसभा चुनावों में दिल्ली में अपने सभी सातों उम्मीदवारों को मैदान में नहीं उतारने का फैसला किया है।


Download Android App
Download iOS App



