नयी दिल्ली : दिल्ली उच्च न्यायालय में सोमवार से लाभ के पद मामले में सुनवाई शुरू होने के कारण परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत की ‘‘व्यस्तता को देखते हुए’’ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का दो दिन का नागपुर दौरा टल गया है। एक अधिकारी ने बताया कि भाजपा शासित नागपुर नगर निगम (एनएमसी) में विकास कार्यों को देखने के लिए मुख्यमंत्री के साथ गहलोत भी जाने वाले थे। अधिकारी ने बताया कि संसदीय सचिवों के तौर पर 20 आप विधायकों के कथित तौर पर लाभ का पद धारण करने के कारण उन्हें अयोग्य करार दिए जाने के फैसले के खिलाफ दिल्ली उच्च न्यायालय में दायर याचिका पर सोमवार से रोजाना सुनवाई होगी।
चुनाव आयोग की अनुशंसा पर राष्ट्रपति ने आम आदमी पार्टी के जिन 20 विधायकों को अयोग्य घोषित किया है उनमें गहलोत भी शामिल हैं। पार्टी ने इस निर्णय को उच्च न्यायालय में चुनौती दी है। अधिकारी ने बताया, ‘‘चूंकि परिवहन मंत्री लाभ के पद मामले की तैयारियों में व्यस्त हैं इसलिए मुख्यमंत्री ने भी अपना नागपुर दौरा टाल दिया है।’’ केंद्रीय सड़क परिवहन और जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी के कहने पर केजरीवाल आज से दो दिन के नागपुर दौरे पर जाने वाले थे। अधिकारी ने बहा कि मुख्यमंत्री के नागपुर दौरे की नई तारीखों की जल्द घोषणा की जाएगी।
24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहाँ क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



