दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई दिल्ली पुलिस द्वारा की गई है। सीएम आतिशी और उनके समर्थक पर चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है। इस संबंध में साउथ ईस्ट दिल्ली के डीसीपी रवि कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि सोमवार रात दो राजनीतिक दलों के बीच विवाद हुआ। इस दौरान दो भाजपा कार्यकर्ता चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए गए। पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई की। इसके बाद एक और शिकायत दर्ज हुई, जिसमें पाया गया कि मुख्यमंत्री आतिशी और उनके समर्थक लगभग 40 से 50 कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में इलाके में मौजूद थे।
आचार संहिता का उल्लंघन
वह अपनी दस गाड़ियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे, जहां उन्हें निर्देश दिया गया था कि वे वहां से चले जाएं, क्योंकि यह स्थान आचार संहिता के उल्लंघन के तहत प्रतिबंधित था। डीसीपी रवि कुमार सिंह ने कहा कि उन्हें यह स्पष्ट किया गया था कि एमसीसी के तहत पांच से अधिक लोग एकत्रित नहीं हो सकते। इसके बावजूद आतिशी और उनके कार्यकर्ता वहां से नहीं हटे। इसके बाद पुलिस ने इस घटना की वीडियोग्राफी की, लेकिन इसी दौरान आतिशी के कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और उनके हाथ से मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की, जिसके चलते एक पुलिसकर्मी को चोट भी आई।
मामले की जांच जारी
उन्होंने आगे कहा कि इस घटना के बाद कानूनी कार्रवाई की गई है और मामले की जांच जारी। यह मामला दिल्ली में चुनावी माहौल को लेकर उभरे विवादों का हिस्सा बन गया है, जहां विभिन्न राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रही हैं। चुनाव आयोग और स्थानीय प्रशासन द्वारा आचार संहिता के उल्लंघन पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है, ताकि चुनावी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी हो सके।


Download Android App
Download iOS App



