पश्चिमी दिल्ली : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन पुलिस मुख्यालय में सेवादल कार्यकर्ता विनोद मेहरा की हत्या के मामले को तुरंत सुलझाने के लिए उनके परिवारवालों के साथ पुलिस आयुक्त से मिले। विनोद मेहरा की मंगलवार को रोड रेज के चलते उतर पश्चिमी दिल्ली के भलस्वा डेयरी में फ्लाईओवर पर गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। माकन ने कहा कि यह बहुत ही दुःख की बात है कि विनोद मेहरा को उनके बेटे के सामने गोली मार दी गई, उन्होंने पुलिस आयुक्त से अनुरोध किया कि वह मृतक विनोद मेहरा के बेटे की पहचान को बिना जाहिर किए उसे सुरक्षा प्रदान करें, क्योंकि वह इस संगीन अपराध का चश्मदीद गवाह है।
अजय माकन ने पुलिस आयुक्त से यह भी अनुरोध किया कि मृतक विनोद मेहरा के बेटे को पुलिस स्टेशन न बुलाया जाया जाए क्योंकि विनोद मेहरा की हत्या उसकी आंखों के सामने हुई है जिससे वह बहुत आहत है। पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक से मुलाकात करने के बाद पुलिस मुख्यालय के बाहर अजय माकन ने कहा कि पुलिस आयुक्त ने इस हत्या के मामले में शीघ्र कार्रवाई करने और जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार किए जाने का आश्वासन दिया। पुलिस आयुक्त से मिलने वालों में प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन के साथ मृतक विनोद मेहरा के पिता मंगतराम, उनके भाई प्रमोद व उनके बेटे के अलावा दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री डॉ. एके वालिया भी शामिल थे।
माकन ने कहा कि विनोद मेहरा की हत्या का कोई राजनीतिक दृष्टिकोण नहीं है क्योंकि यह साफतौर पर सड़क पर ओवरटेक करने को लेकर रोड रेज का मामला है। लेकिन पुलिस को इस मामले में सभी पहलुओं से जांच करके अपराधियों को पकड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि रोड रेज के मामले दिल्ली की सड़कों पर बहुत ज्यादा हो रहे है और यदि लोग खुलेआम पिस्तौल चलाकर अपने हाथों में कानून ले लेते हैं तो दिल्ली में कानून व्यवस्था कहां है?
देश की हर छोटी-बड़ी खबर जानने के लिए पढ़े पंजाब केसरी अखबार।


Download Android App
Download iOS App



