केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने स्कूलों से शिक्षण और मूल्यांकन में सर्वश्रेष्ठ तरीकों पर पोडकास्ट विकसित करने को कहा है। सीबीएसई ने स्कूलों से अध्यापन, प्रायोगिक और सक्रिय प्रशिक्षण, मुख्य विषयों के पाठ्यक्रम तथा कक्षा मूल्यांकन के एकीकरण से संबंधित नवप्रवर्तनों से जुड़े सर्वाधिक अच्छे तरीकों पर पोडकास्ट विकसित करने के लिए कहा है।
बोर्ड ने इस साल की शुरूआत में स्कूलों को प्रामाणिक तथा ताजा जानकारी देने और अकादमिक तथा प्रशिक्षण पहलों, परीक्षाओं एवं अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों एवं प्रक्रियाओं पर बोर्ड के दिशानिर्देश मुहैया कराने के लिए पोडकास्ट प्लेटफॉर्म ‘सीबीएसई-शिक्षा वाणी’ की शुरूआत की थी।
सीबीएसई ने स्कूलों को भेजे संदेश में कहा है, ‘‘शिक्षकों को सीबीएसई-शिक्षा वाणी पर उच्च गुणवत्ता वाले पोडकास्ट डालने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। वे कक्षाएं लेने के अभिनव तरीकों, स्व-मूल्यांकन के तरीकों, रिकार्ड रखने, छात्रों से फीडबैक लेने एवं महत्वपूर्ण ब्योरे को दर्ज करने के बारे में अपने नये नये तरीकों को साझा कर सकते हैं।’’ बोर्ड ने कहा है कि इस प्रयास से सीबीएसई शिक्षक पुरस्कार को पाने की दिशा में भी मदद मिलेगी और इसे बोर्ड की राष्ट्रीय विषयवस्तु सृजन टीम के साथ साझा किया जा सकता है।


Download Android App
Download iOS App



