नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि दिवाली के बाद दिल्ली की हवा बिगड़ने के लिए सीधे तौर पर पटाखे और पराली का धुआं जिम्मेदार है। इसका सबसे बड़ा प्रमाण यही है कि केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर खुद इस तथ्य को स्वीकार किया है। मंत्रालय ने इस हलफनामा में यह भी माना है कि पिछले वर्षों के मुकाबले इस बार दिल्ली में प्रदूषण का स्तर घटा है।
सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि केंद्र सरकार ने अपने हलफनामे में इस बात को भी स्वीकार किया है कि दिवाली के पहले तक दिल्ली की आबोहवा ठीक-ठाक थी। लेकिन दिवाली के पश्चात कुछ तो पटाखे जलाने की वजह से और कुछ पड़ोसी राज्यों में पराली जलने की वजह से हालात बिगड़े।
इस हलफनामे में केंद्र सरकार ने इस बात को भी स्वीकारा है कि 1 नवंबर 2019 को खुद केंद्र सरकार ने पड़ोसी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर यह कहा था कि आपके राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, जिसके कारण प्रदूषण की समस्या विकराल होती जा रही है।
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि एनेक्सचर में दी गई जानकारी के अनुसार पंजाब में सरकार ने 7,600 लोगों काे मशीनें बांटने का लक्ष्य तय किया था। कुल 7,829 लोगों के आवेदन आए, लेकिन सरकार ने मात्र 2657 लोगों को ही मशीनें उपलब्ध कराई।
इसी प्रकार हरियाणा में सरकार ने 15 हजार लोगों को मशीनें वितरित करने का लक्ष्य तय किया। कुल 51274 लोगों के आवेदन आए, लेकिन बांटी गई मात्र 5193 लोगों को। उत्तर प्रदेश में चार हजार मशीनें बांटने का लक्ष्य तय हुआ था लेकिन केवल 1351 लोगों को ही मशीनें दी गई।


Download Android App
Download iOS App



