सीलिंग से बचाने के लिए अध्यादेश लाए केंद्र : CM केजरीवाल

Summary :

NULL

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजधानी के कारोबारियों को सीलिंग की मार से बचाने के लिए केंद्र सरकार से अध्यादेश लाने की मांग की है। केजरीवाल का यह बयान ऐसे समय आया है, जबकि दिल्ली में सीलिंग के खिलाफ कारेबारियों ने आज बंद का आह्वान किया है और वे हाथों में कटोरा लेकर जगह-जगह धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘मेरा केंद्र से अनुरोध है कि सीलिंग की मार से दिल्ली के कारोबारियों को बचाने के लिए यदि जरूरत पड़े तो अध्यादेश लाया जाये। इस मामले में दिल्ली सरकार हरसंभव सहयोग देगी। आर्थिक स्थितियां गंभीर है। सीलिंग ने उनपर तगड़ी मार की है। उन्हें बचाना हमारी जिम्मेदारी बनती है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो बड़ी संख्या में लोग बेराजगार हो जाएंगे।’

स्थानीय निकायों द्वारा व्यापक स्तर पर चलाये जा रहे सीलिंग अभियान के विरोध में अखिल भारतीय व्यापार संघ के आह्वान पर आज आयोजित हड़ताल के मद्देनजर दिल्ली के विभिन्न इलाकों में व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं। सात लाख से ज्यादा कारेबारियों ने आज एक दिन के लिए अपनी दुकानें बंद रखी हैं।

आम आदमी पार्टी (आप), भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस से जुड़े व्यावसायिक संगठन हड़ताल का समर्थन कर रहे हैं। आप से जुड़े व्यावसायिक संगठनों ने तो आज बंद के दौरान कारोबारियों के साथ विरोध प्रदर्शन भी किया। बंद और धरने प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए राजधानी में कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये हैं।

24 X 7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए यहां क्लिक करें।

Desk Team