आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की। नायडू और केजरीवाल की बैठक यहां आंध्र भवन में हुई। केंद्रीय मंत्रिमंडल छोड़ने और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से अलग होने के बाद दो दिन के दौरे पर दिल्ली आये चंद्रबाबू नायडू कल संसद पहुंचे थे।
उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस प्रमुख शरद पवार, कांग्रेसी नेता वीरप्पा मोईली एवं ज्योतिरादित्य सिंधिया, नेशनल कांफ्रेंस अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, तृणमूल कांग्रेस नेता सुदीप बंदोपाध्याय और समाजवादी पार्टी नेता राम गोपाल यादव तथा अन्य विपक्षी नेताओं से मुलाकात की। चंद्रबाबू नायडू ने भाजपा गठबंधन में शामिल अपना दल के नेता एवं मोदी सरकार में मंत्री अनुप्रिया पटेल, अकाली दल नेता एवं केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर तथा शिवसेना नेता संजय राउत से भी भेंट की।
उन्होंने अपनी पार्टी तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) द्वारा मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के संदर्भ में विपक्षी नेताओं से सहयोग मांगा। तेदेपा प्रमुख आज दोपहर तीन बजे मीडिया को संबोधित भी करेंगे। इस दौरान वह अपनी भावी रणनीतियों के संदर्भ में घोषणा कर सकते हैं।
देश और दुनिया का हाल जानने के लिए जुड़े रहे पंजाब केसरी के साथ।


Download Android App
Download iOS App



