नई दिल्ली : ई-वाहनों को प्रोत्साहित करने की केन्द्र एवं दिल्ली सरकार की नीतियों से प्रेरणा लेते हुए डिस्कॉम बीआरपीएल ने भी इस दिशा में तेजी से कदम बढ़ाया है। डिस्कॉम ने दिल्ली में बैटरी से चलने वाले ई-वाहनों की चार्जिंग की समस्या को देखते हुए नये चार्जिंग स्टेशन बनाने का निर्णय लिया है। पायलेट प्रोजेक्ट के रूप में वर्तमान में कंपनी के कड़कड़डूमा और प्लेस ऑफिस में ऐसे दो चार्जिंग स्टेशन काम कर रहे हैं। इनसे प्राप्त अनुभव के आधार पर बीआरपीएल दक्षिण और पश्चिम दिल्ली के इलाकों में बैटरी-चालित वाहनों के लिए नए चार्जिंग स्टेशन बनाएगी।
इन चार्जिंग स्टेशनों पर ई-रिक्शा तथा बैटरी से चलने वाली कारों व वाहनों को चार्ज किया जा सकेगा। इस पहल से, ई-वाहनों के प्रयोग को बढ़ावा मिलेगा, जिससे पर्यावरण प्रदूषण में कमी आएगी। बीएसईएस राजधानी पावर लिमिटेड और एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) एक साथ मिलकर सौर ऊर्जा से चलने वाले वाॅटर पंप भी विकसित करेगी। ये पंप ग्रिड की बिजली इस्तेमाल किए बगैर ही पानी को खींचने और उसे स्टोर करने में सक्षम होंगे, जिससे उपभोक्ता के बिजली बिल में कमी आएगी।
इतना ही नहीं डिस्कॉम का कहना है कि बिजली की भारी खपत करने वाले दिल्ली के 10,000 कृषि पंपों को बदलकर उनकी जगह सोलर पंप लगाए जाएंगे। इससे अगले तीन सालों में 120 मिलियन यूनिट बिजली की बचत होगी। इसके अलावा दोनों मिलकर स्मार्ट मीटर्स भी विकसित करने पर भी काम करेंगी। बिजली को स्टोर करने के स्मार्ट विकल्पों को विकसित किया जाएगा और रूफटाॅप सौर ऊर्जा के क्षेत्र में भी काम होगा।
इस पहल से ऊर्जा संरक्षण तथा अक्षय ऊर्जा के इस्तेमाल को बढ़ावा मिलेगा। सोलर पंप व रूफटॉप सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से जहां एक ओर उपभोक्ताओं के बिजली बिल में कमी आएगी, दूसरी और इससे बीआरपीएल इलाके में बिजली की पीक डिमांड में भी कमी आएगी। बीआरपीएल को डीईआरसी द्वारा निर्धारित आरपीओ यानी रिन्युएबल पावर ऑब्लिगेशन के लक्ष्यों को पूरा करने में भी मदद मिलेगी। इस बारे में बीआरपीएल के सीईओ अमल सिन्हा ने बताया कि एनर्जी एफिशिएंसी और ग्रीन व स्मार्ट टेक्नोलाॅजी के के लिए बीआरपीएल प्रतिबद्ध है, जिनसे बीआरपीएल और उसके उपभोक्ता दोनों के हित जुड़े हैं।
इससे विभिन्न चुनौतियों का सही तरीके से सामना करने और अवसरों का बेहतर लाभ उठाने में बीआरपीएल को मदद मिलेगी। ईईएसएल के एमडी सौरभ कुमार ने कहा कि एनर्जी एफिशिएंट इंडिया के निर्माण के लिए यह जरूरी है कि राष्ट्र निर्माण में लगी संस्थाओं के बीच बेहतर तालमेल हो। एनर्जी एफिशिएंसी और भविष्य के लिए तकनीकी समाधान के प्रयासों के तहत बीआरपीएल के साथ साझेदारी पर हमें प्रसन्नता है। इसके तहत, सोलर रूफटाॅप, स्मार्ट मीटर, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, सोलर कृषि पंप और बिजली को स्टोर करने की बेहतर तकनीक आदि विषयों पर काम किए जाएंगे।
– अमित कुमार


Download Android App
Download iOS App



