देश की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी एक बार फिर चर्चा में हैं। रामनवमी के मौके पर जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) के कावेरी छात्रावास में छात्रों के दो गुटों में जमकर झड़प हुई। जेएनयू परिसर में रविवार को दो बार वाम संगठनों और एबीवीपी से जुड़े छात्रों के बीच टकराव हुआ। छात्रों का कहना है कि दोपहर के समय हुई घटना के बाद पर जेएनयू में पुलिस पहुंच गई थी लेकिन इसके बावजूद रात को छात्रों में झड़प हुईं। इसे देखते हुए रात को अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई।
एबीवीपी के छात्रों को छात्रावास में मांसाहारी भोजन खाने से रोका
जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) ने आरोप लगाया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्यों ने छात्रों को छात्रावास में मांसाहारी भोजन खाने से रोका और ‘‘हिंसा का माहौल बनाया।’’ वहीं, एबीवीपी ने आरोप से इनकार किया और दावा किया कि रामनवमी पर छात्रावास में आयोजित पूजा कार्यक्रम में ‘‘वामपंथियों’’ ने बाधा डाली। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव करने और अपने-अपने सदस्यों के घायल होने का आरोप लगाया।
कुछ छात्रों को आई चोटें
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पश्चिम) मनोज सी ने बताया कि कुछ छात्रों को चोटें आई हैं। उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल कोई हिंसा नहीं हुई है। विरोध प्रदर्शन किया गया जो समाप्त हो गया है। हम सभी यहां अपनी टीम के साथ तैनात हैं। विश्वविद्यालय के अनुरोध पर हम यहां आए हैं। हम शांति बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि घटना का विवरण बाद में साझा किया जाएगा। जेएनयूएसयू ने आरोप लगाया कि एबीवीपी के सदस्यों ने ‘‘गुंडागर्दी’’ की, कर्मचारियों के साथ मारपीट की और उन्हें कोई भी मांसाहारी भोजन तैयार नहीं करने के लिए कहा।


Download Android App
Download iOS App



