Delhi CM Atishi: दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी का कहना है कि दिल्ली की सड़कें जगह-जगह टूटी हुई हैं। टूटी सड़कों से दिल्ली की जनता परेशान है। इसे देखते हुए अब सोमवार से दिल्ली सरकार के सभी मंत्री सड़कों का निरीक्षण करेंगे। मंत्रियों के साथ सरकारी इंजीनियर और स्थानीय विधायक भी मौजूद रहेंगे। निरीक्षण के उपरांत तुरंत इन सड़कों का मरम्मत कार्य शुरू किया जाएगा।
Highlights
- CM Atishi दिल्ली का करेंगी निरीक्षण
- दीपावली तक गड्ढा मुक्त सड़कों का वादा
- केजरीवाल ने सीएम आतिशी को लिखा था पत्र
CM Atishi दिल्ली का करेंगी निरीक्षण
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी के मुताबिक दिल्ली सरकार दीपावली से पहले दिल्ली वालों को गड्ढा मुक्त सड़कें देगी। रविवार को दिल्ली के सभी मंत्रियों की एक अहम बैठक में यह निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री का कहना है कि बारिश की वजह से सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे हुए हैं। दिल्ली जल बोर्ड, टाटा पावर, बीएसईएस जैसी एजेंसियों ने अपना-अपना काम किया है और काम करने के बाद सड़कों का रिपेयर नहीं किया। इसके कारण भी दिल्ली की सड़कों की हालत खराब हुई है।
केजरीवाल ने सीएम आतिशी को लिखा था पत्र
सीएम आतिशी का कहना है कि शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल ने विधानसभा में उन्हें एक पत्र सौंपा था। इसके जरिए उन्होंने सरकार से अनुरोध किया कि युद्ध स्तर पर दिल्ली की सड़कों को ठीक करने का काम किया जाए। मुख्यमंत्री आतिशी ने बताया कि रविवार को दिल्ली सचिवालय में सभी मंत्रियों की एक बैठक बुलाई गई। इसमें दिल्ली के मुख्य सचिव और पीडब्ल्यूडी विभाग भी मौजूद रहा। इस दौरान पीडब्ल्यूडी की 1,400 किलोमीटर की सड़कों का व्यापक रिव्यू किया गया। इस दौरान यह चर्चा की गई कि पीडब्ल्यूडी की कौन सी सड़कें हैं, जो पूरी तरह से टूटी हुई है, जिसके पुनर्निर्माण की आवश्यकता है। कौन सी ऐसी सड़कें हैं, जिनमें कुछ हिस्से टूटे हुए हैं, जहां पर 100-200 मीटर की मरम्मत की जानी है। इसके साथ ही ऐसी सड़कों पर भी चर्चा की गई, जहां सड़कों पर गड्ढे हो गए हैं और उनकी मरम्मत की आवश्यकता है।
मंत्री सड़कों का निरीक्षण के बाद सौंपेंगे रिपोर्ट
मुख्यमंत्री के मुताबिक सोमवार से दिल्ली के सभी मंत्री ग्राउंड यानी कि दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में जाकर सड़कों का निरीक्षण करेंगे। दिल्ली सरकार के मंत्री सड़कों का निरीक्षण करने के बाद अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। मुख्यमंत्री आतिशी साउथ और साउथ ईस्ट दिल्ली की सड़कों का निरीक्षण करेंगी। सौरभ भारद्वाज को पूर्वी दिल्ली की सड़कों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, गोपाल राय नॉर्थ ईस्ट दिल्ली की सड़कों का निरीक्षण करेंगे। कैलाश गहलोत पश्चिमी और दक्षिण पश्चिमी दिल्ली की सड़कों का निरीक्षण करेंगे। इमरान हुसैन मध्य और नई दिल्ली की सड़कों की जिम्मेदारी संभालेंगे। मुकेश अहलावत उत्तरी और उत्तर पश्चिमी दिल्ली की सड़कों की जिम्मेदारी संभालेंगे।
दीपावली तक गड्ढा मुक्त सड़कों का वादा
मुख्यमंत्री के मुताबिक सोमवार सुबह 6 बजे से दिल्ली सरकार के सारे मंत्री सड़कों का निरीक्षण शुरू करेंगे। इस दौरान विधायक भी उनके साथ रहेंगे। पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर समेत सारे इंजीनियर इस निरीक्षण में मंत्रियों के साथ रहेंगे। अगले एक सप्ताह के अंदर 1,400 किलोमीटर सड़क का निरीक्षण पूरा किया जाएगा। जैसे ही यह निरीक्षण समाप्त होगा, तुरंत ही सारी सड़कों के मरम्मत का काम युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री के मुताबिक अक्टूबर के महीने में पीडब्ल्यूडी की 1,400 किलोमीटर की सड़कों की मरम्मत करने का काम सौंपा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली तक हम दिल्ली वालों को गड्ढा मुक्त सड़कें दे सकेंगे।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App





