दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कंझावला हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि दोषियों को ‘‘कड़ी से कड़ी सजा’’ दी जाएगी। कंझावला में 23 वर्षीय एक युवती की स्कूटी को एक कार ने टक्कर मार दी और युवती को सुल्तानपुरी से कंझावाला तक करीब चार किलोमीटर घसीटते हुई ले गई। रविवार को हुए हादसे में युवती की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।
केजरीवाल ने घटना से जुड़ी एक खबर ट्विटर पर साझा करते हुए लिखा, ‘‘ कंझावला में हमारी बहन के साथ जो हुआ, वह बेहद शर्मनाक है। मैं उम्मीद करता हूं कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाएगी।
कंझावला में हमारी बहन के साथ जो हुआ, वो बेहद शर्मनाक है। मैं उम्मीद करता हूँ कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाएगी। pic.twitter.com/Mmuuf8HnWl
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) January 2, 2023
घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर आया है जिसमें युवती के शरीर पर कपड़े नहीं है और उसके पैर में चोट नजर आ रही है। हम इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो सामने आने के बाद से युवती के साथ बलात्कार कर उसकी हत्या करने के दावे भी किए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस का कहना है कि यह एक सड़क हादसा था।
दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने इस घटना के संबंध में शहर की पुलिस को नोटिस भेजा है। पुलिस ने बताया कि युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए मंगोलपुरी के संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल भेज गया है। उनके अनुसार, युवती का पैर कार के एक पहिए में फंस गया था, जिससे वह वाहन के साथ करीब चार किलोमीटर तक घिसटती चली गई।


Download Android App
Download iOS App



