नई दिल्ली : दक्षिणी दिल्ली के अम्बेडकर नगर सरकारी स्कूल में पढ़ाने वाले संस्कृत के मृतक शिक्षक उदय चंद झा के बदरपुर स्थित निवास पर शुक्रवार को भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने जाकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। आरोप है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गुरुवार को इसी कॉलोनी में दो घंटे तक लोगों का हालचाल लेते रहे, लेकिन उनके पास पीड़ित परिवार से मिलने तक का समय नहीं था।
दक्षिणी दिल्ली से भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि दिल्ली सरकार मृतक शिक्षक झा के परिवार को तत्काल पेंशन दे और परिवार के भरण-पोषण के लिए एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि अगर केजरीवाल सरकार पीड़ित परिवार को तत्काल प्रभाव से मदद नहीं करती है तो उपराज्यपाल से मिलकर पूरी घटना का उन्हें ब्यौरा दिया जाएगा क्योंकि परिवार के तीनों बच्चे पढ़ाई कर रहें हैं और परिवार के पास आय का कोई दूसरा स्रोत नहीं है।
बिधूड़ी ने कहा कि यदि ऐसी घटना किसी विशेष समुदाय में घटी होती तो मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बिना देरी किए पीड़ित परिवार के घर भी जाते और उसे मुआवजा देने की घोषणा भी करते। उन्होंने कहा कि केजरीवाल जाति-धर्म के आधार पर राजनीति कर रहे हैं, लेकिन जब भी कोई घटना घटती है तो उसमें पीड़ित परिवार चाहे किसी भी धर्म, जाति से हो उसे सहायता दी जानी चाहिए।


Download Android App
Download iOS App



