कांग्रेस ने किया पटलवार, कहा केजरीवाल थोथा चना, बाजे घना

Summary :

केजरीवाल ने अपने बयान में जो कहा है वह उनकी खोखली मानसिकता को प्रमाणित करते हुए सिद्ध करता है कि केजरीवाल थोथा चना, बाजे घना की तरह है।

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शीला दीक्षित पर तंज कसते हुए कह दिया कि शीला दीक्षित इनती महत्वपूर्ण नेता नहीं हैं, जिनसे गठबंधन की बात की जाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने गठबंधन के लिए इनकार कर दिया है। केजरीवाल के इस बयान पर प्रदेश कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताते हुए पटलवार किया है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलौठिया ने केजरीवाल की इस टिप्पणी को अत्यंत खेदजनक बताया।

उन्होंने कहा है कि केजरीवाल ने अपने बयान में जो कहा है वह उनकी खोखली मानसिकता को प्रमाणित करते हुए सिद्ध करता है कि केजरीवाल थोथा चना, बाजे घना की तरह है। शीला दीक्षित की लोकप्रियता और उनके व्यक्तित्व के बारे में दिल्ली ही नहीं देश के लाखों लोगों ने उन्हें जो सम्मान और आदर दिया है वह शायद केजरीवाल जीवनभर न हासिल कर सकें। गौरतलब है कि दिल्ली कांग्रेस की अध्यक्ष शीला दीक्षित के उनसे संपर्क न करने के बयान पर केजरीवाल ने कहा है कि हमने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। दीक्षित इतनी महत्वपूर्ण नेता नहीं हैं।

केजरीवाल लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से दूर रखने के लिए लगातार कांग्रेस से गठबंधन करने की अपील कर रहे हैं। पार्टी सूत्रों ने कहा था कि गठबंधन के मुद्दे पर दिल्ली कांग्रेस बंटी हुई है। दीक्षित और उनके तीन कार्यकारी अध्यक्ष गठबंधन का विरोध कर रहे हैं। केजरीवाल के इस बयान पर प्रदेश कांग्रेस के नेता उखड़ पड़े। केजरीवाल का शीला दीक्षित का यह बयान उन्हें नागवार गुजरा है। राजेश लिलौठिया ने कहा कि वास्तव में केजरीवाल के लिए यह उपयुक्त कहा जा सकता है कि वे रंग बदलने वाले, झूठे और अपरिपक्व, आधारहीन और अविश्वसनीय व्यक्ति हैं, जिन्हें अपनी भाषा पर संयम नहीं है और अपनी मर्यादा का भान तक नहीं है।

केजरीवाल के बयान पर दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस प्रवक्ता रमाकांत गोस्वामी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता एक तरफ जहां गिड़गिड़ाते हुए कांग्रेस से समझौते की भीख मांग रहे है वहीं दूसरी ओर देश की सबसे बड़ी राष्ट्रीय पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को चुनौती दे रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता जितेन्द्र कुमार कोचर ने कहा कि यह ध्यान योग्य है कि ये वही केजरीवाल है कि जिन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान राहुल गांधी के सामने कुमार विश्वास को चुनाव में उतारा था और भाजपा और संघ के कंधे पर बैठकर कांग्रेस को कमजोर करने का कार्य किया था।

Desk Team