नई दिल्ली : कांग्रेस के घोषणा पत्र पर जोरदार हमला बोलते हुए दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र देश की सुरक्षा पर क्रूरतम प्रहार है। कांग्रेस पार्टी लगातार सेना के शौर्य एवं उनके शहादत का अपमान करती आई है, कांग्रेस का घोषणा पत्र देश को तोड़ने का काम करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता को देख कांग्रेस की नींद उड़ गई है और उसे देखते हुए कई ऐसी घोषणाएं कर डाली हैं, जो न केवल समझ से परे हैं, बल्कि अव्यवहारिक हैं। तिवारी ने कहा कि यदि कांग्रेस ने 70 वर्षों में कुछ किया होता तो आज उसे ये झूठे वादे नहीं करने पड़ते। कांग्रेस ने जिस तरह झूठ के पुलिंदे को अपना घोषणा-पत्र बताते हुए ऐतिहासिक बताया है, उसी तरह से कांग्रेस की इस बार ऐतिहासिक हार भी होने वाली है।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि वह अफस्पा हटाएगी और सेना के अधिकार को कम करेगी। इसका मतलब यह है कि कांग्रेस ने कश्मीर में अलगाववादियों एवं आतंकवादियों से बैक एंड समझौता कर लिया है। अफस्पा हटाने का मतलब यह है कि सेना के पास से आतंकवादियों पर प्रहार करने के हथियार छीन लिए जाएंगे।
इतना ही नहीं कांग्रेस पार्टी ने वादा किया है कि वह अलगाववादियों से बात करेगी। किसको खुश करने के लिए कांग्रेस पार्टी ऐसा कर रही है? क्या कारण है कि आतंकवादियों, अलगावादियों, पाकिस्तानी प्रधानमंत्री और कांग्रेस के घोषणापत्र द्वारा एक ही भाषा का प्रयोग करती है।


Download Android App
Download iOS App



