दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोकनायक जय प्रकाश (एलएनजेपी) अस्पताल में भर्ती कोरोना वायरस के मरीजों के लिए बृहस्पतिवार को वीडियो कॉल की सुविधा शुरू की ताकि वे अपने प्रियजन से बात कर सकें। केजरीवाल ने कहा कि एलएनजेपी को 17 मार्च को कोविड-19 अस्पताल घोषित किया गया था, तब से अस्पताल से कोरोना वायरस से संक्रमित 2700 लोग ठीक हो कर घर जा चुके हैं। यह देश में सिर्फ ऐसा कोविड-19 अस्पताल है जिसमें दो हजार बेड हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अबतक कोरोना वायरस के मरीज के रिश्तेदार उससे बात नहीं कर पाते थे, लेकिन इस मसले का समाधान कर दिया गया। केजरीवाल ने कहा, ” हमने कोरोना वायरस वार्ड में टेबल लगाई हैं और बाहर एक काउंटर बनाया है। इसका इस्तेमाल मरीज और उनके रिश्तेदार वीडियो कॉल के लिए कर सकते हैं।” सुविधा शुरू करने के बाद, केजरीवाल ने अस्पताल के कोविड-19 वार्ड में भर्ती कुछ मरीजों से बातचीत की।
एलएनजेपी अस्पताल के डॉक्टरों से मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा कर्मी दिनों तक घर नहीं जाते हैं और अपने परिवार के सदस्यों से नहीं मिलते हैं, क्योंकि उन्हें डर रहता है कि कहीं संक्रमण फैल न जाए। केजरीवाल ने डॉक्टरों से कहा, ” यहां डॉक्टर वाकई मेहनत से काम कर रहे हैं। आप कल्पना कर सकते हैं कि इस गर्मी में पीपीई किट पहनना कितना कठिन काम है।”
उन्होंने कहा कि अगर कोई कमी है तो इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार है न कि स्वास्थ्य कर्मी। केजरीवाल ने कहा, ” हम (सरकार) आप के पीछे चट्टान की तरह खड़े हैं। अगर आपको कोई दिक्कत होती है तो हम आपके साथ हैं। हम सुविधाओं को सुधारने के लिए मिलकर काम करेंगे। बिल्कुल सुधार की गुंजाइश है।”


Download Android App
Download iOS App



