राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि के बीच अधिकारियों ने भीड़भाड़ और कोविड-19 मानदंडों के उल्लंघन के कारण पूर्वोत्तर दिल्ली के पश्चिम करावल नगर मार्ग स्थित कालीघाट बाजार को बंद करने का आदेश दिया है। एक आधिकारिक आदेश में इसकी जानकारी दी गयी है।
शुक्रवार सुबह 10 बजे तक या अगले आदेश तक बाजार बंद रहेगा
बुधवार को जारी आदेश के अनुसार, बृहस्पतिवार शाम चार बजे से शुक्रवार सुबह 10 बजे तक या अगले आदेश तक बाजार बंद रहेगा।यह कार्रवाई उस वक्त की गई जब यह पाया गया कि दुकानदार, विक्रेता और आम जनता कोविड-उपयुक्त व्यवहार का पालन नहीं कर रहे थे।बाजार में दुकानों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों को लोगों को मास्क पहनने, सामाजिक दूरी का पालन करने और सैनिटाइजर का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने संबंधी साइनबोर्ड प्रदर्शित करने के लिए कहा गया है। साथ ही सम-विषम के आधार पर दुकानें खोलने को भी कहा गया है।
DDMA की मीटिंग में हुआ ये फैसला
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) की पिछली बैठक में, कोरोना वायरस के तेजी से फैल रहे संक्रमण को रोकने के लिए आदेश का कड़ाई से अनुपालन अनिवार्य कर दिया गया है।आदेश में कहा गया है कि यह प्रतिबंध आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं से जुड़ी दुकानों को छोड़कर अन्य दुकानों के लिए लागू है।खजूरी खास के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, जबकि मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन को अपना पूरा सहयोग देने का निर्देश दिया गया है।


Download Android App
Download iOS App



