कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि देश 2019 के लोकसभा चुनाव में क्रांति देखेगा और लोग भाजपा को हरायेंगे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने महज 31 फीसद वोट हासिल कर 2014 का लोकसभा चुनाव जीता था लेकिन इसकी पुनरावृति नहीं हो सकती है। उन्होंने दोहराया कि ‘भाजपा हटाओ, देश बचाओ’ अगले चुनाव में उनका नारा होगा और यह चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कामकाज पर जनादेश होगा।
फिलहाल जर्मनी यात्रा पर गयीं ममता बनर्जी ने एक बंगाली खबरिया चैनल से कहा, ‘‘उसने (भाजपा ने) 2014 में जो वादे किये थे, उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं किया। ’’ उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में कोई भी भाजपा को वोट नहीं देगा और लोग उनके पक्ष में मतदान करेंगे जो मजबूत हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वे (मजबूत) दल केंद्र में सरकार बनायेंगे। कौन प्रधानमंत्री होगा- इसका फैसला बाद में किया जाएगा। देश 2019 में क्रांति देखेगा।’’
मोदी की अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के रथ को रोकने के लिए संघीय मोर्चा का विचार रखने वाली ममता बनर्जी ने कहा कि सभी भाजपा विरोधी दल साथ आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल ‘देश में लोकतंत्र वापस लाने में’ सकारात्मक भूमिका निभायेगा।


Download Android App
Download iOS App



